बंद कमरे से आती थीं चीखने की आवाजें, अंदर गई पुलिस तो हैरान करने वाला खुलासा, आप भी रह जाएंगे दंग

Curated By: editor1 | Hindi Now Uttar Pradesh • 05 Sep 2025, 12:40 pm
news-banner
यूपी के आगरा जिले से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां बंद कमरे में कुछ ऐसा चल रहा था, कि पुलिस भी हैरान है। आइये पूरा मामला जानते हैं।

आगरा के केदार नगर में धर्मांतरण का बड़ा मामला सामने आया है। यहां रहने वाला राजकुमार लालवानी बीमारी और गरीबी से निजात दिलाने का लालच देकर लोगों को अपने घर बुलाता था और उन्हें हिंदू धर्म छोड़कर ईसाई धर्म अपनाने के लिए मजबूर करता था। पुलिस ने इस मामले का खुलासा तब किया, जब शिकायत मिलने पर टीम ने आम व्यक्ति बनकर जांच की और हकीकत को पकड़ लिया।


राजकुमार लालवानी ने काॅलोनी के लोगों से हमेशा दूरी बनाए रखी। वह शायद ही किसी से बातचीत करता था। उसका घर हमेशा बाहरी लोगों की आवाजाही से भरा रहता था, लेकिन अंदर की गतिविधियों का अंदाजा किसी को नहीं हो पाता था। जब यह मामला उजागर हुआ तो कॉलोनी के लोग आक्रोशित हो उठे।

मंगलवार को पुलिस ने छापा मारकर राजकुमार सहित तीन महिलाओं समेत आठ लोगों को गिरफ्तार किया। उनके पास से डायरी और रजिस्टर बरामद हुए, जिनमें कई लोगों की व्यक्तिगत जानकारियां दर्ज थीं। पुलिस का मानना है कि इस जानकारी से धर्मांतरण से जुड़े बड़े गिरोह का खुलासा हो सकता है।


कॉलोनी वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष राकेश शर्मा उर्फ बॉबी पंडित ने बताया कि उन्हें पहले इसकी भनक नहीं थी। हालांकि, राजकुमार ने एक बार यह जरूर कहा था कि उसने ईसाई धर्म अपना लिया है। उसके घर से अक्सर अजीब चीखें और आवाजें सुनाई देती थीं, लेकिन पूछने पर वह कभी कुछ नहीं बताता था। बाद में सामने आए वीडियो से स्पष्ट हुआ कि घर के अंदर धर्म परिवर्तन के नाम पर अंधविश्वास और जबरदस्ती का खेल चल रहा था। सिर पर हाथ रखते ही महिलाएं और युवक जोर से चिल्लाने लगते थे, जिससे आसपास के लोग सशंकित हो जाते थे।


स्थानीय लोगों का कहना है कि राजकुमार किसी से घुलता-मिलता नहीं था और अपनी अलग ही दुनिया में रहता था। अब कॉलोनीवासियों ने बैठक कर यह निर्णय लिया है कि आगे से अगर किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि होती है तो तुरंत पुलिस को सूचना दी जाएगी।


पुलिस ने आरोपी की डायरी और रजिस्टर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। इनमें कई राज्यों के लोगों के नाम और नंबर दर्ज हैं। अधिकारियों का कहना है कि राजकुमार से पूछताछ के बाद यह पता लगाया जाएगा कि पंजाब और महाराष्ट्र से किस तरह की फंडिंग होती थी। आशंका है कि इस मामले में एक बड़े गिरोह की संलिप्तता सामने आ सकती है, जो संगठित तरीके से धर्मांतरण करा रहा था।

advertisement image