Curated By:
shivup |
Hindi Now Uttar Pradesh • 14 May 2026, 01:09 pm
देवास। मध्य प्रदेश के देवास जिले के टोंक कलां इलाके में गुरुवार सुबह एक पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सुबह करीब 11:30 बजे हुए इस धमाके की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक हादसे में 8 से 10 लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हालांकि प्रशासन की ओर से फिलहाल दो से तीन मौतों की पुष्टि की गई है। घटना के बाद राहत और बचाव दल मौके पर पहुंच गया है। घायलों को जिला अस्पताल भेजा जा रहा है। हादसे के बाद फैक्ट्री परिसर में चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए।
धमाका इतना तेज कि दूर तक बिखरे शवों के टुकड़े
स्थानीय लोगों के अनुसार, धमाका इतना तेज था कि कई मजदूर हवा में उछल गए और शवों के टुकड़े 20 से 25 फीट दूर तक जा गिरे। हादसे में कई लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में करीब 200 से ज्यादा महिलाएं काम करती थीं और ब्लास्ट के बाद तीन महिलाएं अब भी लापता हैं। लोगों ने बताया कि लंच ब्रेक से महज 15 से 20 मिनट पहले यह हादसा हुआ। कर्मचारियों का खाना भी पहुंच चुका था, लेकिन धमाके के बाद लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। ग्रामीणों ने फैक्ट्री में सुरक्षा इंतजामों की कमी का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि यहां लंबे समय से पटाखों का निर्माण हो रहा था, लेकिन सुरक्षा मानकों का ठीक से पालन नहीं किया जा रहा था।
ग्रामीणों ने प्रशासन पर लगाए लापरवाही के आरोप
हादसे के बाद ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचे अधिकारियों और कमिश्नर का घेराव कर जमकर नाराजगी जताई। लोगों का आरोप है कि फैक्ट्री अवैध रूप से संचालित हो रही थी और शिकायतों के बावजूद प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री करीब 4 से 5 बीघा क्षेत्र में फैली हुई थी और यहां 400 से 500 तक मजदूर काम करते थे। फैक्ट्री को बने अभी करीब 6 से 8 महीने ही हुए थे और परिसर में निर्माण कार्य भी चल रहा था। हादसे के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फैक्ट्री के लाइसेंस व सुरक्षा इंतजामों की भी पड़ताल की जा रही है।
यह भी पढ़ें- लखनऊ में भीषण सड़क हादसा, डंपर ने चार वाहनों को रौंदा, युवक का पैर कटा , 2 की हालत गंभीर