घने कोहरे और शीतलहर से दिन की शुरुआत, 50 से अधिक ट्रेनें लेट तो कई फ्लाइट कैंसिल, आने वाले तीन दिनों तक कैसा रहेगा मौसम?

Curated By: Shiv Vishwakarma | Hindi Now Uttar Pradesh • 18 Dec 2025, 11:08 am
news-banner

यूपी में बदलते मौसम ने लोगों की परेशानी बढ़ाना शुरू कर दिया है। आज सुबह से ही प्रदेशभर के आधे से ज्यादा जिलों में घना कोहरा देखा गया है। इससे 50 से अधिक ट्रेनें लेट हुई हैं और कई उड़ानें भी कैंसिल हुई हैंं। आइए आने वाले तीन दिनों तक मौसम का हाल जानते हैं।

उत्तर प्रदेश में शीतलहर और घने कोहरे का प्रकोप लगातार जारी है। प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, अयोध्या समेत प्रदेश के करीब 30 जिलों में बुधवार को घना कोहरा छाया रहा। पाकिस्तान की ओर से आ रही नमी और ठंडी पछुआ हवाओं के असर से ठिठुरन और बढ़ गई है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। बरेली में ठंड ने बीते 10 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है, जिसके चलते कक्षा आठ तक के सभी स्कूलों को 20 दिसंबर तक बंद कर दिया गया है।


बुधवार को प्रदेश में कानपुर सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी लखनऊ समेत करीब 50 जिलों में सुबह से घना कोहरा छाया रहा, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। खराब मौसम के चलते इकाना स्टेडियम में प्रस्तावित भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच टी-20 मैच को रद्द करना पड़ा। हवाई यातायात पर भी कोहरे का असर दिखा। लखनऊ एयरपोर्ट से सात उड़ानें देरी से रवाना हुईं, एक उड़ान रद्द करनी पड़ी, जबकि एक अन्य फ्लाइट को डायवर्ट किया गया। गोरखपुर एयरपोर्ट से भी छह उड़ानें देरी से संचालित हुईं।


50 से अधिक ट्रेनें लेट, स्कूलों का समय बदला

कम दृश्यता के कारण रेल यातायात भी प्रभावित रहा। लखनऊ, गोरखपुर, वाराणसी और इटावा सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर 50 से अधिक ट्रेनें घंटों की देरी से चलीं। यात्रियों को ठंड और कोहरे के कारण भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कई जिलों में स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। सुल्तानपुर, अंबेडकरनगर, जौनपुर, लखीमपुर खीरी और देवरिया समेत अनेक जिलों में कक्षा आठ तक के स्कूल सुबह 10 बजे से खोले जा रहे हैं। लखनऊ में कक्षा 12 तक के विद्यालयों में सुबह 9 बजे से पढ़ाई शुरू की जा रही है।


20 नवंबर तक ऐसा ही रहेगा मौसम

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार पश्चिमी और मध्य भारत के ऊपर बने प्रति-चक्रवात और ऊपरी हवाओं के प्रभाव से प्रदेश में कोहरे की स्थिति बनी हुई है। दिनभर दृश्यता कम रहने की संभावना है। 20 दिसंबर तक मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं दिख रहा है। अगले चार दिनों तक पूर्वी यूपी में घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने देवरिया, गोरखपुर, बस्ती, कुशीनगर, लखीमपुर खीरी, बरेली, प्रयागराज, वाराणसी, जौनपुर, कानपुर नगर, लखनऊ समेत कई जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। लोगों को सावधानी बरतने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।

यह भी पढ़ें- शीतलहर से कांपा पूरा यूपी, 19 जिलों में कोहरे के साथ बारिश जैसे हालात, आने वाले दो दिनों में कैसा रहेगा मौसम?

advertisement image