हापुड़ में दर्दनाक हादसा, ट्रक से टकराई बारातियों से भरी बस, सड़क पर बिछ गईं लाशें, कई लोग घायल, मौके पर मचा मातम

Curated By: shivup | Hindi Now Uttar Pradesh • 13 Apr 2026, 09:01 am
news-banner

हापुड़ के धौलाना में बरात से लौट रही बस और ट्रक की टक्कर में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 13 घायल हुए। हादसा बेहद भीषण था, जिसमें बस ट्रक के नीचे जा घुसी। प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य चलाया।

हापुड़ के धौलाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 13 लोग घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब बरात से लौट रही बस की सामने से आ रहे ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि बस ट्रक के नीचे जा घुसी और दोनों वाहन सड़क किनारे खाई में पलट गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े। सभी मृतक गाजियाबाद के डासना इलाके के रहने वाले बताए जा रहे हैं।


राहत-बचाव में जुटा प्रशासन, एक घंटे चला रेस्क्यू
हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी अभिषेक पांडे और पुलिस अधीक्षक ज्ञानंजय सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। बस ट्रक के नीचे फंसी होने के कारण लोगों को निकालना काफी मुश्किल था। हाईड्रा मशीन की मदद से करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बस को हटाकर उसमें फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।


इन लोगों की गई जान, कई घायल अस्पताल में भर्ती
इस दर्दनाक हादसे में सोनू, यूसुफ, अख्तर, यूनुस, मुन्ना और बस चालक अशोक की मौत हो गई। वहीं 13 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से चार को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है, जबकि अन्य घायलों का इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार कुछ घायलों की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।


अलीगढ़ में भी हादसा, दो लोगों की मौत
इस हादसे से पहले अलीगढ़ में भी रविवार शाम एक सड़क दुर्घटना हुई थी। सिविल लाइंस क्षेत्र के सिकंदरपुर नहर के पास ऑटो और कार की टक्कर में ऑटो चालक और एक महिला की मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। लगातार हो रहे सड़क हादसों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है।

advertisement image