कानपुर में कांस्टेबल ने कर दिया बड़ा कांड, एमएससी की छात्रा को झांसा देकर.. पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

Curated By: shivup | Hindi Now Uttar Pradesh • 14 Apr 2026, 02:11 pm
news-banner

कानपुर में एक कांस्टेबल पर छात्रा से शादी और नौकरी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कानपुर में एक कांस्टेबल पर एमएससी की छात्रा के साथ दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने नौकरी और शादी का झांसा देकर पहले विश्वास जीता, फिर धमकी देकर लगातार शोषण करता रहा। मामले में कोतवाली थाने में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।


ट्रेन में हुई मुलाकात, फिर बढ़ी नजदीकियां

पीड़िता के अनुसार, वह रावतपुर क्षेत्र की रहने वाली है और छात्रावास में रहकर गणित से एमएससी की पढ़ाई के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही है। 19 जनवरी 2026 को वह परीक्षा देने के लिए ट्रेन से आगरा जा रही थी, तभी उसकी मुलाकात रिजर्व पुलिस लाइन में तैनात कांस्टेबल योगेंद्र सिंह से हुई। बातचीत के दौरान दोनों ने मोबाइल नंबर साझा किए और आरोपी ने नौकरी दिलाने का भरोसा दिया।


शादी का झांसा देकर किया दुष्कर्म

पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने शादी का प्रस्ताव रखा और परिवार से भी बातचीत की। 22 फरवरी 2026 को आरोपी ने उसे रिजर्व पुलिस लाइन के पास बुलाया और जबरन दुष्कर्म किया। इस दौरान उसने आपत्तिजनक फोटो और वीडियो भी बना लिए।


धमकी देकर करता रहा शोषण

पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर दो महीने तक कई बार दुष्कर्म किया। 8 अप्रैल को भी उसने बुलाकर दुष्कर्म किया और साफ कह दिया कि अब वह न शादी करेगा और न ही नौकरी दिलाएगा। शिकायत करने पर उसने वीडियो वायरल करने की धमकी दी।


मामला दर्ज, गिरफ्तारी की तैयारी

कोतवाली थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर आरोपी कांस्टेबल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

advertisement image