Curated By:
shivup |
Hindi Now Uttar Pradesh • 14 Apr 2026, 02:00 pm
लखनऊ के बंथरा स्थित अंबेडकर नगर में अंबेडकर जयंती के मौके पर माल्यार्पण को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। मंगलवार को हुए इस विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों के बीच मारपीट, ईंट-पत्थरबाजी और हवाई फायरिंग की घटना सामने आई है, जिसमें कई लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
माल्यार्पण को लेकर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, बंथरा नगर पंचायत के चेयरमैन प्रतिनिधि रंजीत रावत अंबेडकर प्रतिमा पर माल्यार्पण करने पहुंचे थे। स्थानीय लोगों ने उनसे पहले बुद्ध प्रार्थना करने के बाद माल्यार्पण करने की बात कही, लेकिन उन्होंने तुरंत माल्यार्पण कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई, जो जल्द ही विवाद में बदल गई।
पत्थरबाजी के बाद हुई हवाई फायरिंग
विवाद बढ़ने पर स्थानीय लोग उग्र हो गए और गाली-गलौज के साथ ईंट-पत्थर चलाने लगे। जवाब में दूसरे पक्ष ने भी पत्थरबाजी की। इसी दौरान खुद को घिरा देख एक पक्ष की ओर से हवाई फायरिंग कर दी गई, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडों और सरियों से जमकर मारपीट हुई, जिसमें कई लोग घायल हो गए।
पुलिस ने संभाला मोर्चा, जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह स्थिति को काबू में किया। सभी घायलों को उपचार के लिए सरोजनी नगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।