महाराष्ट्र निकाय चुनाव के आए सभी नतीजे, एक बार फिर बीजेपी की आंधी, बीएमसी समेत 23 नगर निगमों पर कब्जा

Curated By: shivnowup | Hindi Now Uttar Pradesh • 16 Jan 2026, 05:40 pm
news-banner

महाराष्ट्र नगर निगम चुनावों में भाजपा गठबंधन ने बड़ी बढ़त बना ली है। BMC समेत 29 में से 23 निगमों में महायुति आगे है। मुख्यमंत्री फडणवीस और डिप्टी सीएम शिंदे ने इसे विकास की राजनीति की जीत बताया।

महाराष्ट्र नगर निगम चुनावों में भाजपा के नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन ने एकतरफा बढ़त बना ली है। रुझानों के मुताबिक राज्य के 29 नगर निगमों में से 23 में भाजपा गठबंधन आगे चल रहा है। सबसे अहम बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) में भी भाजपा और शिवसेना (शिंदे गुट) का दबदबा दिखाई दे रहा है, जहां कुल 227 सीटों में से 118 पर गठबंधन प्रत्याशी बढ़त बनाए हुए हैं।


BMC सहित बड़े शहरों में महायुति का दबदबा
मुंबई के अलावा नागपुर, पुणे, ठाणे, नवी मुंबई, पिंपरी चिंचवाड़ और नासिक जैसे प्रमुख शहरी निकायों में भी भाजपा गठबंधन को स्पष्ट बढ़त मिली है। वहीं लातूर नगर निगम में कांग्रेस ने दमदार प्रदर्शन करते हुए 70 में से 43 सीटों पर जीत दर्ज की है। चंद्रपुर में भी कांग्रेस आगे चल रही है। परभणी नगर निगम में शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) को बढ़त मिली है, जबकि वसई-विरार में बहुजन विकास आघाड़ी और मालेगांव में शिवसेना (शिंदे) आगे चल रही है।


15 जनवरी को हुआ था मतदान, 10 बजे से जारी है काउंटिंग
नगर निगम चुनाव के लिए राज्यभर में 15 जनवरी को मतदान हुआ था। शुक्रवार सुबह 10 बजे से मतगणना जारी है। इन चुनावों में 893 वार्डों में कुल 15,931 उम्मीदवार मैदान में थे। नगर निगमों की कुल 2869 सीटों में से 68 पर उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं।


फडणवीस-शिंदे ने जताया आभार, विकास को बताया जीत की वजह
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने जीत के रुझानों पर खुशी जताते हुए कहा कि यह भाजपा और गठबंधन कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत का नतीजा है। यह परिणाम राज्य में विकास और प्रगति के भाजपा विजन पर जनता के भरोसे को दर्शाता है। डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने कहा कि जनता ने भावनात्मक नहीं, बल्कि विकास की राजनीति को चुना है। मुंबई समेत शहरी क्षेत्रों में महायुति को बहुमत मिलना इसी सोच का प्रमाण है।


BMC में AIMIM की जीत, अलग-अलग प्रतिक्रियाएं
BMC चुनाव में AIMIM प्रत्याशी खैरुनिशा अकबर हुसैन ने वार्ड नंबर 145 से जीत हासिल की है। उन्होंने इसे जनता की जीत बताया। वहीं मिलिंद देवड़ा ने कहा कि मुंबई की जनता ने ड्रामे की राजनीति नहीं, बल्कि जवाबदेही और विकास को चुना है। विधानसभा स्पीकर राहुल नार्वेकर ने भी इसे मेट्रो, कोस्टल रोड और ट्रांस हार्बर लिंक जैसे प्रोजेक्ट्स पर जनता के भरोसे का जनादेश बताया।


जलगांव में कोल्हे परिवार ने रचा इतिहास
जलगांव नगर निगम चुनाव में कोल्हे परिवार ने इतिहास रच दिया। शिवसेना (शिंदे) के पूर्व महापौर ललित कोल्हे ने जेल से चुनाव लड़कर जीत दर्ज की, वहीं उनके बेटे पीयूष कोल्हे ने भी पहली बार चुनाव जीतकर परिवार की खुशी दोगुनी कर दी।


यह भी पढ़ें- लखनऊ के अपार्टमेंट में लगी भीषण आग, चौथी मंजिल से कूद पड़े लोग, मची अफरा-तफरी

advertisement image