एलएंडटी कंपनी में लगी ऐसी भयावह आग कि जल गया 10 करोड़ का माल, आधी रात तक धधकते रहे अंगार, तस्वीरें देख दंग रह जाएंगे आप!

Curated By: editor1 | Hindi Now Uttar Pradesh • 11 Oct 2025, 02:00 pm
news-banner
यूपी के कानपुर जिले में एलएंडटी कंपनी के वेयरहाउस में देर रात भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि आसमान में आग की लपटें दिखने लगीं। आसपास के घरों के लोग घर छोड़कर भाग गए। आइये पूरा मामला जानते हैं।

कानपुर के पनकी थाना क्षेत्र के पड़ाव इलाके में शुक्रवार रात मेट्रो प्रोजेक्ट को माल सप्लाई करने वाली कंपनी एलएंडटी के वेयरहाउस में भीषण आग लग गई। रात करीब नौ बजे लगी इस आग ने पूरे गोदाम को चंद मिनटों में अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते लाखों नहीं बल्कि करोड़ों का माल जलकर राख हो गया। शुरुआती अनुमान के मुताबिक करीब 10 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। सूचना मिलते ही दमकल की आठ गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू कर दी, लेकिन लपटें इतनी भीषण थीं कि तीन घंटे की मशक्कत के बाद भी आग पूरी तरह नहीं बुझ पाई।


पनकी पड़ाव स्थित रोहित बाजपेई के मकान के पीछे बने इस गोदाम को मेट्रो विभाग ने किराए पर लेकर अपना वेयरहाउस बनाया था। बताया गया कि शुक्रवार रात अचानक शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी, जिसने धीरे-धीरे पूरे वेयरहाउस को घेर लिया। गोदाम में रखे कई तरह के केमिकल और ज्वलनशील सामग्री के कारण आग ने जल्द ही विकराल रूप ले लिया। तेज हवाओं के बीच लपटें इतनी ऊंची उठीं कि आसमान तक रोशनी फैल गई। पनकी, किदवईनगर और फजलगंज से फायर ब्रिगेड की टीमें बुलानी पड़ीं। सभी ने मिलकर पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।


गोदाम का पूरा माल जल गया, 10 करोड़ के नुकसान का अनुमान

मेट्रो के मैनेजर महेंद्र सिंह ने बताया कि गोदाम में रखा पूरा माल जलकर राख हो गया। उन्होंने अनुमान लगाया कि करीब 10 करोड़ रुपये की क्षति हुई है। वहीं मुख्य अग्निशमन अधिकारी दीपक शर्मा ने कहा कि आग लगने का मुख्य कारण शॉर्ट सर्किट लगता है। दमकल की आठ गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया गया। गनीमत रही कि किसी तरह की जनहानि नहीं हुई, हालांकि आसपास के घरों को नुकसान पहुंचा है। 


लपटें इतनी तेज थी कि वेयरहाउस के आसपास घरों के लोग भाग निकले

वेयरहाउस के ठीक बगल में एक हॉस्टल था, जहां कई कोचिंग छात्र रहते हैं। स्थानीय निवासी रोहित के मुताबिक आग की लपटें इतनी तेज थीं कि वे हॉस्टल की छत तक पहुंच गईं और वहां रखी पानी की टंकी व अन्य सामान जल गए। अचानक आग देखकर छात्र और आसपास के लोग डर के मारे घरों से बाहर भाग निकले। रात करीब 12:30 बजे तक आग जलती रही और लपटों ने आसपास के लगभग 10 घरों को प्रभावित किया। कई घरों की दीवारें और छतें झुलस गईं। लगभग दो घंटे बाद जब आग की लपटें थोड़ी कम हुई, तब जाकर लोग अपने घरों में लौटे। प्रशासन और पुलिस ने रातभर मौके पर डेरा डाले रखा और सुबह तक हालात पर निगरानी जारी रखी।

advertisement image