आतंकी साजिश में 3 यूक्रेनी नागरिक गिरफ्तार, भारत के खिलाफ रच रहे थे साजिश, ड्रोन से दहशत फैलाने की थी प्लानिंग

Curated By: shivup | Hindi Now Uttar Pradesh • 19 Mar 2026, 01:44 pm
news-banner

NIA ने लखनऊ से 3 पूर्व यूक्रेनी सैनिकों को गिरफ्तार किया है, जो ड्रोन तकनीक के जरिए आतंकी नेटवर्क को मजबूत कर रहे थे। दिल्ली और कोलकाता से भी गिरफ्तारियां हुई हैं। पूरे नेटवर्क की जांच जारी है।

देश की सुरक्षा एजेंसियों ने एक बड़े अंतरराष्ट्रीय साजिश का पर्दाफाश किया है। NIA ने लखनऊ से तीन पूर्व यूक्रेनी सैनिकों को गिरफ्तार किया है, जिन पर आतंकियों को ट्रेनिंग देने और भारत के खिलाफ साजिश रचने का आरोप है। ये तीनों आरोपी ड्रोन तकनीक के विशेषज्ञ बताए जा रहे हैं और अंतरराष्ट्रीय आतंकी नेटवर्क से जुड़े हुए थे। एजेंसी के मुताबिक, इनकी गतिविधियां देश की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन सकती थीं।


म्यांमार में आतंकियों को दे रहे थे ट्रेनिंग

जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी — पेट्रो हुरबा, तारास स्लिवियाक और इवान सुकमानोव्स्की — म्यांमार के चिन राज्य में सक्रिय आतंकी नेटवर्क से जुड़े थे। ये “Ethnic Armed Groups” के जरिए आतंकियों को ड्रोन तकनीक और अन्य संसाधनों की ट्रेनिंग दे रहे थे। बताया जा रहा है कि यूरोप से ड्रोन का बड़ा कंसाइनमेंट म्यांमार भेजा जा रहा था, जिसे आगे भारत के प्रतिबंधित संगठनों तक पहुंचाने की साजिश थी।


लखनऊ एयरपोर्ट से गिरफ्तारी, भागने की थी तैयारी

सूत्रों के मुताबिक, तीनों आरोपी लखनऊ एयरपोर्ट से 13 मार्च को गिरफ्तार किए गए। ये लोग गुवाहाटी से लखनऊ पहुंचे थे और यहां केवल एक दिन रुकने के बाद मलेशिया के कुआलालंपुर भागने की तैयारी में थे। एयरपोर्ट के पास होटल में ठहरने के दौरान इनके दस्तावेज संदिग्ध लगे, जिसके बाद इमिग्रेशन विभाग और अन्य एजेंसियों को अलर्ट किया गया। जैसे ही ये एयरपोर्ट पहुंचे, सुरक्षा एजेंसियों ने इन्हें हिरासत में ले लिया।


दिल्ली और कोलकाता में भी कार्रवाई, बड़ा नेटवर्क सामने

इस मामले में NIA ने दिल्ली एयरपोर्ट से चार अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है, जो इसी नेटवर्क से जुड़े बताए जा रहे हैं। वहीं, कोलकाता एयरपोर्ट से एक अमेरिकी नागरिक मैथ्यू एरॉन वैन डाइक को भी पकड़ा गया है, जो म्यांमार में उग्रवादियों को हथियार और ट्रेनिंग देने में शामिल था।


UAPA के तहत केस दर्ज, जांच जारी

एजेंसी ने सभी आरोपियों के खिलाफ गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) के तहत केस दर्ज किया है। फिलहाल NIA पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस साजिश में और कौन-कौन शामिल है। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।


यह भी पढ़ें- लखनऊ में पासपोर्ट ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी, कार्यालय में मच गया हड़कंप, मौके पर पुलिस कर रही मामले की जांच

advertisement image