Curated By:
shivup |
Hindi Now Uttar Pradesh • 19 Mar 2026, 01:19 pm
लखनऊ में हाल ही में शुरू हुए ग्रीन कॉरिडोर की सड़क उद्घाटन के महज दो दिन बाद ही धंस गई, जिससे निर्माण कार्य और विभागीय समन्वय पर सवाल खड़े हो गए हैं। बीरबल साहनी मार्ग स्थित खाटू श्याम मंदिर के पास सड़क करीब 5 फीट तक धंस गई। यह घटना 15 मार्च को सामने आई, जबकि इस कॉरिडोर का उद्घाटन 13 मार्च को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया था। शुरुआती तौर पर इसे सीवर लीकेज से जुड़ी समस्या बताया जा रहा है।
सीवर लीकेज को नजरअंदाज करने का आरोप
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण के दौरान ही यहां सीवर लाइन में लीकेज की जानकारी दी गई थी, लेकिन संबंधित अधिकारियों ने इस पर ध्यान नहीं दिया। आरोप है कि काम को जल्द पूरा करने और बजट बचाने के चलते इस समस्या को नजरअंदाज कर दिया गया। जलकल विभाग का कहना है कि उन्होंने पहले ही सीवर लाइन शिफ्ट करने की सलाह दी थी, लेकिन लखनऊ विकास प्राधिकरण ने इसे गंभीरता से नहीं लिया।
विभागों के बीच तालमेल की कमी आई सामने
इस पूरे मामले में सबसे बड़ी बात यह सामने आई है कि अलग-अलग विभागों के बीच समन्वय की कमी रही। जल निगम का कहना है कि उन्हें लाइन शिफ्टिंग से जुड़ा कोई प्रस्ताव नहीं मिला, जबकि जलकल विभाग का दावा है कि उन्होंने सुझाव दिया था। इसी गड़बड़ी के कारण छोटी समस्या बड़ी बन गई और सड़क धंस गई। इंजीनियरों के मुताबिक, निर्माण के दौरान मशीनों के दबाव से पहले छोटा लीकेज बढ़कर बड़ा हो गया, जिससे सड़क की जमीन कमजोर हो गई।
20 फीट गड्ढा खोदकर ठीक की गई लाइन, LDA ने दी सफाई
सड़क धंसने के बाद करीब 20 फीट तक खुदाई कर सीवर लाइन को ठीक किया गया। हालांकि LDA अधिकारियों का कहना है कि यह हिस्सा मुख्य ग्रीन कॉरिडोर का नहीं, बल्कि उससे सटे रैंप का है और कॉरिडोर पूरी तरह सुरक्षित है। अब गड्ढे की बैक फिलिंग और सड़क की मरम्मत का काम भी LDA ही करेगा।
यह भी पढ़ें- लखनऊ में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने किया ग्रीन कॉरिडोर का लोकार्पण, रिकॉर्ड समय में काम पूरा करने वाले श्रमिकों को किया सम्मानित, लाखों लोगों को मिलेगा फायदा