बेटे का करना था नामकरण, गांव के प्रधान को नहीं दी दावत, प्रधान पति को लगा बुरा, जो किया जानकर आप भी हो जाएंगे शॉक्ड!

Curated By: editor1 | Hindi Now Uttar Pradesh • 26 Sep 2025, 05:56 pm
news-banner
यूपी के शाहजहांपुर से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक गांव में प्रधान को बेटे के नामकरण का न्योता न देने पर प्रधान पति ने लड़के के पिता को गोली मार दी। आइये इस हत्याकांड की पूरी कहानी जानते हैं।

शाहजहांपुर के तिलहर क्षेत्र में गुरुवार रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। बेटे के नामकरण की दावत में पहुंचे मेहमानों के बीच ही युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। परिजनों ने ग्राम प्रधान के पति सुखदेव और उसके दोनों बेटों पर हत्या का आरोप लगाया है। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपी सुखदेव को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि उसके दोनों बेटे मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुट गई है।


मृतक के पिता ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि घर पर पोते के नामकरण की खुशी का माहौल था। मेहमानों के बीच नाच-गाना चल रहा था। इसी दौरान रात करीब 11 बजे ग्राम प्रधान के पति सुखदेव के बेटे धीरेंद्र और धर्मेंद्र घर में घुस आए और महिलाओं से अश्लील हरकतें करने लगे। विरोध करने पर गाली-गलौज की और धमकी देते हुए चले गए। करीब आधे घंटे बाद दोनों अपने पिता सुखदेव के साथ लौटे। उनके पास हथियार थे। सुखदेव और धीरेंद्र के पास तमंचा और धर्मेंद्र के हाथ में चाकू था।


दोनों बेटों ने पकड़ा, प्रधान ने मार दी गोली 

धीरेंद्र व धर्मेंद्र ने घर में गाली-गलौज करने लगे और उन्हें धमकाने लगे। इसी बीच विवाद बढ़ने पर उन्होंने 24 वर्षीय अवनीश को पकड़ लिया। इसके बाद सुखदेव ने तमंचे से उसके सीने पर गोली दाग दी। घटना मेहमानों के सामने हुई और अफरातफरी मच गई। आरोपी फायरिंग करते हुए भाग निकले, लेकिन ग्रामीणों ने साहस दिखाकर सुखदेव को दबोच लिया। उधर घायल अवनीश को परिजन तुरंत राजकीय मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।


जश्न के बीच मचा मातम

यह सनसनीखेज हत्या उस वक्त हुई जब परिवार और रिश्तेदार जश्न मना रहे थे। अचानक दावत का माहौल मातम में बदल गया और पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई। पुलिस ने घटनास्थल पर भारी फोर्स तैनात कर दी है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।


आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने बताया कि प्राथमिक जांच में सामने आया है कि नामकरण की दावत में ग्राम प्रधान के पति को न बुलाने पर यह वारदात हुई। मृतक के परिजनों की तहरीर पर सुखदेव और उसके दोनों बेटों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पकड़े गए आरोपी को चोटें आई हैं, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


यह भी पढ़ें-  ढाई दर्जन स्टील की चम्मच तो डेढ़ दर्जन टूथब्रश खा गया युवक, डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर निकाला, पूछने पर दिया चौंकाने वाला जवाब!

advertisement image