Curated By:
shivup |
Hindi Now Uttar Pradesh • 11 Mar 2026, 04:19 pm
रिलायंस इंडस्ट्रीज ने अमेरिका में नई ऑयल रिफाइनरी बनाने के लिए बड़ी डील की है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने 11 मार्च को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर इसकी जानकारी दी। ट्रम्प के अनुसार यह करीब 300 अरब डॉलर यानी लगभग 27 लाख करोड़ रुपये का निवेश है। अमेरिका में पिछले करीब 50 सालों में यह पहली नई ऑयल रिफाइनरी होगी। ट्रम्प ने इसे अमेरिका के वर्कर्स, एनर्जी सेक्टर और साउथ टेक्सस के लोगों के लिए बड़ी जीत बताया। उन्होंने कहा कि इस प्रोजेक्ट से हजारों लोगों को रोजगार मिलेगा और अमेरिका के घरेलू बाजारों को ईंधन की बेहतर आपूर्ति हो सकेगी। साथ ही उन्होंने इस निवेश के लिए रिलायंस इंडस्ट्रीज का धन्यवाद भी दिया।
साउथ टेक्सस के पोर्ट ऑफ ब्राउनविले में बनेगी रिफाइनरी
डोनाल्ड ट्रम्प के मुताबिक यह रिफाइनरी साउथ टेक्सस के पोर्ट ऑफ ब्राउनविले में बनाई जाएगी। उन्होंने दावा किया कि यह दुनिया की सबसे साफ रिफाइनरी होगी। इस प्रोजेक्ट के पूरा होने के बाद अमेरिका के घरेलू बाजारों में ईंधन की आपूर्ति मजबूत होगी और नेशनल सिक्योरिटी को भी मजबूती मिलेगी। ट्रम्प ने यह भी कहा कि रिलायंस का यह निवेश उनकी ‘अमेरिका फर्स्ट’ नीति, टैक्स में कटौती और परमिट प्रक्रिया को आसान बनाने जैसे फैसलों की वजह से संभव हो पाया है। उनका कहना है कि इस परियोजना से अमेरिका में ऊर्जा क्षेत्र को नई ताकत मिलेगी और हजारों नई नौकरियां भी पैदा होंगी।
जामनगर रिफाइनरी का अनुभव आएगा काम
रिलायंस इंडस्ट्रीज के पास गुजरात के जामनगर में दुनिया का सबसे बड़ा रिफाइनरी कॉम्प्लेक्स चलाने का अनुभव है। माना जा रहा है कि उसी अनुभव और तकनीक का इस्तेमाल अमेरिका में बनने वाली इस नई रिफाइनरी में किया जाएगा। ट्रम्प ने कहा कि इस डील से अमेरिका ऊर्जा के क्षेत्र में फिर से मजबूत स्थिति हासिल कर सकेगा। उनका कहना है कि इससे अमेरिका की वैश्विक ऊर्जा क्षमता और प्रभाव दोनों बढ़ेंगे।
करीब 50 साल से अमेरिका में नई रिफाइनरी नहीं बनी
अमेरिका में 1970 के दशक के बाद से किसी नई कंपनी ने रिफाइनरी नहीं लगाई थी। इसकी मुख्य वजह सख्त पर्यावरण नियम, भारी लागत और पुराने प्लांट्स के विस्तार पर ज्यादा ध्यान दिया जाना रहा है। ऐसे में रिलायंस का वहां जाकर नई रिफाइनरी बनाना भारतीय कंपनियों के बढ़ते वैश्विक प्रभाव को भी दर्शाता है। रिलायंस इंडस्ट्रीज भारत की सबसे बड़ी प्राइवेट सेक्टर कंपनी है और हाइड्रोकार्बन एक्सप्लोरेशन, पेट्रोलियम रिफाइनिंग, पेट्रोकेमिकल, रिन्यूएबल एनर्जी, डिजिटल सर्विस और रिटेल जैसे कई क्षेत्रों में काम कर रही है।
यह भी पढ़ें- ईजराइल-अमेरिका और ईरान जंग में अब तक 7 अमेरिकी सैनिकों की मौत, 140 से ज्यादा घायल, इजराइल में कई जगह बमबारी, 8 हजार घरों पर हमले में 13 हजार लोगों की मौत