Curated By:
shivup |
Hindi Now Uttar Pradesh • 11 Mar 2026, 01:07 pm
उत्तर प्रदेश में रसोई गैस (LPG) की किल्लत को लेकर लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है। प्रदेश के कई शहरों में गैस सिलेंडर के लिए लंबी कतारें लग रही हैं। हालात यह हैं कि बुकिंग के 4 से 5 दिन बाद भी लोगों को सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। लखनऊ, प्रयागराज, गोरखपुर, कानपुर और देवरिया समेत कई जिलों में गैस एजेंसियों के बाहर सुबह से ही लोगों की भीड़ देखी जा रही है। कई जगह लोग तड़के 3 बजे से ही सिलेंडर लेकर लाइन में खड़े हो रहे हैं, लेकिन घंटों इंतजार के बाद भी उन्हें सिलेंडर नहीं मिल पा रहा। उपभोक्ताओं का कहना है कि एजेंसियों पर सिलेंडर कम पहुंच रहे हैं जबकि लेने वालों की संख्या ज्यादा है। इस कारण लोगों को बार-बार एजेंसियों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं और रोजमर्रा की रसोई चलाना मुश्किल हो रहा है।
कई शहरों में एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें
प्रदेश के कई जिलों में गैस एजेंसियों के बाहर लोगों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं। गोरखपुर और सिद्धार्थनगर में स्थिति को देखते हुए पुलिस की मौजूदगी में सिलेंडर बांटे जा रहे हैं। वहीं देवरिया के कई गैस गोदामों के बाहर 200 से 300 मीटर तक लंबी लाइन लगने की जानकारी सामने आई है। गाजीपुर के दिलदारनगर क्षेत्र में भी गैस एजेंसी के बुकिंग काउंटर पर उपभोक्ताओं की भारी भीड़ देखने को मिली। लोग घंटों लाइन में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि उन्होंने कई दिन पहले बुकिंग कराई थी, लेकिन अब तक सिलेंडर नहीं मिल पाया है। इस वजह से लोगों में नाराजगी भी बढ़ती जा रही है और कई लोग बिना सिलेंडर लिए ही वापस लौटने को मजबूर हो रहे हैं।
कानपुर में भी उपभोक्ता परेशान, कई जगह एजेंसियां बंद
कानपुर में भी गैस सिलेंडर को लेकर उपभोक्ताओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बिल्हौर स्थित एक गैस एजेंसी पर बुधवार सुबह 10 बजे तक ताला लटका रहा, जिससे गैस लेने आए लोगों को निराश होकर वापस लौटना पड़ा। वहीं कल्याणपुर और जाजमऊ इलाके में गैस एजेंसियों के बाहर महिलाओं समेत बड़ी संख्या में लोग लाइन में खड़े नजर आए। कई उपभोक्ताओं का कहना है कि उन्होंने चार दिन पहले गैस बुक कराई थी, लेकिन अब तक सिलेंडर नहीं मिल पाया। जैसे ही गैस की गाड़ी आती है, थोड़ी देर में ही सिलेंडर खत्म हो जाते हैं। कई लोग लगातार कई दिनों से एजेंसी के चक्कर लगा रहे हैं।
सरकार ने कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई के दिए निर्देश
गैस की किल्लत को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि गैस और तेल की कालाबाजारी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई करने की बात कही है। मुख्यमंत्री ने सभी जिलों के डीएम और एसपी को गैस आपूर्ति पर निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि घबराने की जरूरत नहीं है। गैस कंपनियों ने भी ग्राहकों को संदेश भेजकर गैस की कमी की खबरों को भ्रामक बताया है। अधिकारियों के अनुसार प्रदेश में पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आपूर्ति व्यवस्था को सामान्य बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें- देश के कई राज्यों में कॉमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई ठप, बंद होने की कगार पर रेस्टोरेंट्स और ढाबे, केंद्र सरकार ने 'आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955' किया लागू, आयात बंद होने से लिया फैसला