Curated By:
Shiv Vishwakarma |
Hindi Now Uttar Pradesh • 16 Dec 2025, 12:50 pm
उन्नाव जिले में आगरा–लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में फॉर्च्यूनर सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा सुबह करीब 5 बजे बांगरमऊ थाना क्षेत्र में किलोमीटर संख्या 241 के पास हुआ। तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर का अचानक टायर फट गया, जिससे लगभग 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ रही कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि फॉर्च्यूनर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार की छत उखड़कर उड़ गई और बोनट पिचकते हुए ड्राइविंग सीट तक पहुंच गया। हादसे में कार सवारों की हालत बेहद भयावह थी। एक मृतक के चेहरे के दो हिस्से हो गए, जबकि ड्राइविंग सीट के पास बैठे युवक की गर्दन टूट गई। टक्कर के बाद जोरदार धमाके जैसी आवाज सुनाई दी, जिसे सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े।
सूचना मिलने पर पुलिस और एक्सप्रेस-वे की टीम मौके पर पहुंची। शवों को बड़ी मुश्किल से क्षतिग्रस्त वाहन से बाहर निकाला गया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने तीन मृतकों की पहचान अशोक अग्रवाल, अभिनव अग्रवाल और आकाश के रूप में की है, जबकि चौथे मृतक की शिनाख्त की कोशिश की जा रही है। सभी मृतक गाजियाबाद के निवासी बताए जा रहे हैं। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजनों को सूचित कर दिया गया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण टायर फटना बताया जा रहा है। हालांकि, हादसे के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। बताया गया है कि फॉर्च्यूनर (UP14 GB 2220) से चारों लोग गाजियाबाद से लखनऊ की ओर जा रहे थे। कार अशोक कुमार अग्रवाल के नाम से पंजीकृत थी और उसे अभिनव अग्रवाल चला रहा था। दुर्घटना के समय वाहन की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक बताई जा रही है
कार के सभी एयरबैग खुले, लेकिन कोई नहीं बचा
टक्कर के दौरान कार के सभी एयरबैग खुल गए, लेकिन भीषणता इतनी ज्यादा थी कि कोई भी यात्री बच नहीं सका। वाहन की हालत इतनी खराब हो गई थी कि उसे पहचानना भी मुश्किल था। बाद में क्रेन की मदद से मलबा हटाया गया और एक्सप्रेस-वे को आंशिक रूप से बहाल कराया गया। पुलिस को मौके से एक गत्ते का डिब्बा भी मिला है, जिसमें कई मोमेंटो रखे हुए थे। इससे आशंका जताई जा रही है कि कार सवार किसी राजनीतिक या सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। वहीं, कुछ सबूतों के आधार पर यह भी जांच की जा रही है कि कहीं किसी अन्य वाहन से टक्कर के बाद तो फॉर्च्यूनर डिवाइडर से नहीं टकराई। घने कोहरे और संभावित झपकी को भी हादसे की वजह माना जा रहा है। सीओ बांगरमऊ संतोष सिंह ने बताया कि सभी पहलुओं की जांच के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।
यह भी पढ़ें- हादसों का मंगलवार, कोहरे से विजबिलिटी हुई जीरो, 10 वाहन टकराए, सड़क पर बिछ गईं लाशें