Curated By:
editor1 |
Hindi Now Uttar Pradesh • 01 Oct 2025, 01:20 pm
जौनपुर जिले से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के कुछमुछ गांव में 70 वर्षीय बुजुर्ग सगरू राम ने तीन बच्चों की मां मनभावती से शादी रचाई। शादी के अगले ही दिन उनकी मौत हो गई और महिला का सुहाग उजड़ गया। यह घटना सुनकर पूरा गांव स्तब्ध है और चारों तरफ इसकी चर्चा है।
जानकारी के मुताबिक सगरू राम ने सोमवार को मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज के साथ 35 वर्षीय मनभावती से विवाह किया था। विवाह के अगले दिन मंगलवार की भोर में अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। पड़ोसियों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सगरू राम की पहली शादी करीब 40 साल पहले बेलाव गांव की अनारी देवी से हुई थी, लेकिन उनकी कोई संतान नहीं थी। लगभग एक साल पहले अनारी देवी का बीमारी से निधन हो गया। तब से सगरू राम अकेले रहते थे। उनके पास करीब दो बीघा जमीन और एक मकान था। दूसरी ओर मनभावती के पति की मौत सात साल पहले बीमारी से हुई थी। वह तीन बच्चों के साथ अकेली जीवन गुजार रही थी। इसी दौरान सगरू और मनभावती का आपस में संपर्क हुआ और फिर दोनों ने जीवन साथ बिताने का निर्णय लिया।
अचानक गर्दन टेढ़ी होने लगी और आ गई मौत
परिजनों और ग्रामीणों के मुताबिक शादी के बाद रात को मनभावती अपनी बेटी को लेकर घर के अंदर सो गई, जबकि सगरू राम दो बेटों के साथ बाहर ही सोए। सुबह होते-होते उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। गर्दन टेढ़ी होने लगी तो लोग उन्हें अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष प्रवीण यादव ने बताया कि मामले की जानकारी है और जांच की जा रही है। सगरू राम के भतीजे रोजगार के सिलसिले में दिल्ली में रहते हैं। उन्हें मामले की सूचना दी गई है।
शादी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
सगरू राम की शादी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में दोनों मंदिर में खुशी-खुशी शादी करते नजर आ रहे हैं। जयमाल के दौरान सगरू खुद तालियां बजाते दिखते हैं। बाद में वह पत्नी की मांग में सिंदूर भरते हैं। जब लोग कहते हैं कि सिंदूर सही से नहीं भरा, तो वह दोबारा अच्छे से भरते हैं। रस्म पूरी होने पर पत्नी उनके चरण छूती है और सगरू आशीर्वाद देते हैं। अब उनकी मौत के बाद यह घटना गांव ही नहीं, पूरे जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है।
यह भी पढ़ें- बहुत बड़ा हादसा, सड़क पर लगा लाशों का ढेर, चारों तरफ मची चीख पुकार, हादसा जान दहल जाएगा दिल!