यूपी में 44 के पार पहुंचा पारा, 40 जिलों में हीटवेव का अलर्ट, कानपुर में गर्मी से गश खाकर चलती बाइक से गिरकर युवक की मौत

Curated By: shivup | Hindi Now Uttar Pradesh • 24 Apr 2026, 01:39 pm
news-banner

यूपी में भीषण गर्मी और लू का कहर जारी है। 40 जिलों में अलर्ट, 17 जिलों में वार्म नाइट की चेतावनी। 45°C तक पहुंचेगा पारा, 26 अप्रैल से आंधी-बारिश से राहत मिलने की संभावना।

उत्तर प्रदेश में गर्मी ने अब अपने तेवर पूरी तरह दिखाने शुरू कर दिए हैं। शुक्रवार को सुबह से ही तेज धूप और लू जैसी स्थिति बनी रही। मौसम विभाग ने राज्य के 40 जिलों में लू का अलर्ट जारी किया है, वहीं पहली बार 17 जिलों में ‘वार्म नाइट’ की चेतावनी दी गई है। इसका मतलब है कि अब रात में भी लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिलेगी। मौसम विभाग के अनुसार, दिन का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है, जबकि रात का पारा सामान्य से 4.5 से 6.4 डिग्री ज्यादा रह सकता है। लगातार बढ़ती गर्मी ने आम लोगों के साथ-साथ जानवरों की परेशानी भी बढ़ा दी है।


दिन में लू, रात में गर्मी से बेहाल लोग

प्रदेश के कई जिलों में हालात बेहद गंभीर हो गए हैं। पिछले 24 घंटों में 30 जिलों का तापमान 40 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया, जबकि बांदा सबसे गर्म रहा जहां पारा 44.4 डिग्री तक पहुंच गया। गोरखपुर, लखनऊ, मेरठ, बरेली और गाजियाबाद जैसे शहरों में भी तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को परेशान कर दिया है। आगरा में तापमान 45 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है। गर्मी का असर इतना ज्यादा है कि ताजमहल आने वाले पर्यटकों की संख्या में भी कमी देखी जा रही है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यह स्थिति अभी दो दिन और बनी रह सकती है, जिसके चलते लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है।


हीट स्ट्रोक का खतरा, मजदूरों के काम पर रोक

भीषण गर्मी के बीच हीट स्ट्रोक का खतरा भी बढ़ गया है। कानपुर में चलती बाइक पर बैठे एक व्यक्ति की संदिग्ध मौत के पीछे हीट स्ट्रोक की आशंका जताई जा रही है। इसी को देखते हुए प्रशासन ने आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद और मैनपुरी में बड़ा फैसला लेते हुए दोपहर 12 से 4 बजे तक मजदूरों के काम करने पर रोक लगा दी है। ईंट-भट्टों और निर्माण स्थलों पर काम करने वाले श्रमिकों के लिए ठंडे पानी, छाया और ओआरएस की व्यवस्था अनिवार्य कर दी गई है। यह कदम मजदूरों को लू और गर्मी से बचाने के लिए उठाया गया है।


जानवरों और मंदिरों में भी खास इंतजाम

गर्मी का असर इंसानों के साथ-साथ जानवरों पर भी साफ दिख रहा है। गोरखपुर चिड़ियाघर में हाथी खुद पर पानी डालते नजर आए, वहीं नीलगाय पानी में बैठकर राहत पाने की कोशिश कर रही हैं। लखनऊ जू में जानवरों के लिए बर्फ, कूलर और फव्वारों की व्यवस्था की गई है, जबकि कानपुर में बाघ को ओआरएस दिया जा रहा है। वहीं धार्मिक स्थलों पर भी खास इंतजाम किए गए हैं। काशी में बाबा विश्वनाथ के लिए जलधारा, अयोध्या में रामलला के गर्भगृह में कूलर और मथुरा के मंदिरों में फूल बंगले सजाकर भगवान को ठंडक देने की व्यवस्था की गई है।


26 अप्रैल से बदलेगा मौसम का मिजाज

मौसम विभाग के अनुसार 26 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे प्रदेश में आंधी-तूफान और हल्की बारिश की संभावना है। शुरुआत पश्चिमी यूपी और तराई क्षेत्रों से होगी और धीरे-धीरे पूरे प्रदेश में असर दिखेगा। इससे तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट आ सकती है और लोगों को थोड़ी राहत मिलेगी। हालांकि 29 अप्रैल तक मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा।


यह भी पढ़ें- यूपी में आसमान से बरस रही आग, पारा पहुंचा 45 डिग्री के पार, कई जिलों में लू का अलर्ट!

advertisement image