आगरा में पेड़ से टरकराई बोलेरो, एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत, नवरात्रि के पहले दिन कैला देवी मंदिर से दर्शन कर लौट रहा था परिवार

Curated By: shivup | Hindi Now Uttar Pradesh • 20 Mar 2026, 01:30 pm
news-banner

आगरा में श्रद्धालुओं से भरी बोलेरो पेड़ से टकरा गई, जिसमें एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत हो गई। हादसे में तीन लोग घायल हैं। परिवार कैलादेवी मंदिर से लौट रहा था, तभी यह दर्दनाक घटना हुई।

आगरा में गुरुवार रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। श्रद्धालुओं से भरी बोलेरो कार पेड़ से टकरा गई, जिसमें एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों में पिता, बेटा, बहू, पोती और नाती शामिल हैं, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसा थाना चित्राहाट क्षेत्र में हुआ, जहां टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो का आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और छत का हिस्सा तक उखड़ गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया।


दर्शन कर लौट रहा था परिवार, ड्राइवर को आई झपकी
जानकारी के मुताबिक, परिवार नवरात्रि के मौके पर Kaila Devi Temple के दर्शन करने गया था। लौटते समय बोलेरो चला रहे ड्राइवर को नींद आने लगी। इसी दौरान परिवार के 20 वर्षीय नाती ने गाड़ी चलाने की बात कही और ड्राइवर ने उसे वाहन सौंप दिया। करीब 15 मिनट बाद ही रात 11 बजे के आसपास गाड़ी अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही कई लोगों की हालत गंभीर हो गई।


दो गाड़ियों में गए थे 18 लोग, गांव से पहले हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि इटावा और औरैया जिले के परिवार के कुल 18 लोग दो गाड़ियों में दर्शन करने गए थे। लौटते समय एक गाड़ी आगे निकल गई, जबकि बोलेरो पीछे रह गई। हादसा गांव से करीब 30 किलोमीटर पहले हुआ। जब काफी देर तक बोलेरो गांव नहीं पहुंची, तो परिजनों ने फोन करना शुरू किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद दूसरी गाड़ी से लोग वापस लौटे और रास्ते में हादसे की जानकारी मिली।


ग्रामीणों ने तोड़े शीशे, पुलिस ने संभाला मोर्चा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और गाड़ी के दरवाजे न खुलने पर शीशे तोड़कर घायलों को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और सभी को अस्पताल भिजवाया गया। डॉक्टरों ने पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।


यह भी पढ़े- लखनऊ में पूरा परिवार तबाह, एक ही परिवार के तीन लोगों ने खाया जहर, मां-बेटे की मौत, पिता की हालत गंभीर

advertisement image