Curated By:
shivup |
Hindi Now Uttar Pradesh • 09 May 2026, 02:09 pm
राजधानी लखनऊ के बिजनौर थाना क्षेत्र में शनिवार को एक युवक की बेरहमी से हत्या का मामला सामने आया। अशरफ नगर इठुरिया गांव के बाहर झील किनारे खाली प्लॉट में युवक का शव झाड़ियों के बीच पड़ा मिला। शव की हालत इतनी खराब थी कि पहली नजर में पहचान करना मुश्किल हो रहा था। मृतक के सिर और चेहरे को किसी भारी वस्तु से बुरी तरह कूंचा गया था। सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। बाद में परिजनों ने शव की पहचान 28 वर्षीय सूरज गौतम के रूप में की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस आसपास लगे कैमरों की फुटेज खंगालने और युवक के मोबाइल की कॉल डिटेल खंगालने में जुटी है।
रात को घर से निकला था सूरज, फिर नहीं लौटा वापस
परिजनों के मुताबिक सूरज गौतम शुक्रवार रात करीब साढ़े आठ बजे बिजनौर जाने की बात कहकर घर से निकला था। देर रात तक जब वह वापस नहीं लौटा तो परिवार वालों ने उसके मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन स्विच ऑफ मिला। इसके बाद घरवालों ने उसकी तलाश शुरू कर दी थी। शनिवार सुबह गांव के बाहर झील किनारे खाली प्लॉट में शव मिलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचे परिजन बेटे की हालत देखकर बदहवास हो गए। परिवार के लोगों का कहना है कि सूरज किसी विवाद में नहीं रहता था। वह एसजीपीजीआई में संविदा पर सफाई कर्मचारी के तौर पर काम करता था। उसके बड़े भाई और मां भी वहीं कार्यरत हैं। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि युवक की किसी से रंजिश तो नहीं थी या फिर हत्या के पीछे कोई और वजह है।
मां का रो-रोकर बुरा हाल, बोलीं- मेरा बेटा गलत रास्ते पर नहीं था
सूरज की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। मां केशाना बेटे को याद कर लगातार रोती रहीं। उन्होंने कहा कि उनका बेटा मेहनत मजदूरी कर घर चलाने में मदद करता था और किसी भी तरह के नशे या गलत संगत में नहीं था। उन्होंने कहा कि अगर बेटा शराब या किसी गलत आदत में होता तो शायद किसी विवाद की बात समझ आती, लेकिन सूरज सीधा-सादा लड़का था। सूरज के पिता की करीब 15 साल पहले मौत हो चुकी है। घर में मां, बड़ा भाई और बहन का परिवार है। बहन की शादी हो चुकी है। पुलिस ने घटनास्थल से कुछ सबूत जुटाए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही हत्या का खुलासा किया जाएगा और आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- सुवेंदु अधिकारी पीए हत्याकांड, चंद्रनाथ को सुपारी देकर मरवाने का दावा, हमलावरों की दूसरी बाइक बरामद, 13 साल में 3 करीबी खो चुके बीजेपी नेता