सुवेंदु अधिकारी होंगे पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री, गृह मंत्रालय रखेंगे अपने पास, बनेंगे 2 डिप्टी सीएम, शाम 5 बजे होगा एलान

Curated By: shivup | Hindi Now Uttar Pradesh • 08 May 2026, 04:17 pm
news-banner

पश्चिम बंगाल में भाजपा विधायक दल की बैठक से पहले सुवेंदु अधिकारी के मुख्यमंत्री बनने की तस्वीर साफ हो गई है। रूपा गांगुली डिप्टी CM बन सकती हैं। भाजपा की नई सरकार का शपथ ग्रहण शनिवार को कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में होगा।

पश्चिम बंगाल में नई भाजपा सरकार के गठन को लेकर तस्वीर लगभग साफ हो गई है। भाजपा विधायक दल की बैठक से पहले ही सुवेंदु अधिकारी के मुख्यमंत्री बनने पर मुहर लग चुकी है। वहीं, राज्य में दो उपमुख्यमंत्री बनाए जाएंगे, जिनमें रूपा गांगुली का नाम तय माना जा रहा है। दूसरे डिप्टी CM के तौर पर दार्जिलिंग क्षेत्र से एक पुरुष विधायक को जिम्मेदारी दी जाएगी। सुवेंदु अधिकारी के पास गृह मंत्रालय का प्रभार भी रहेगा। शुक्रवार को कोलकाता के कन्वेंशन सेंटर में भाजपा विधायक दल की बैठक हो रही है, जिसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में आधिकारिक ऐलान किया जाएगा। भाजपा की ऐतिहासिक जीत के बाद पूरे बंगाल में पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच उत्साह का माहौल है। शनिवार सुबह ब्रिगेड परेड ग्राउंड में नए मुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होगा।


अमित शाह की मौजूदगी में होगा औपचारिक ऐलान

सुवेंदु अधिकारी विधायक दल की बैठक में शामिल होने के लिए कोलकाता के कन्वेंशन सेंटर पहुंच चुके हैं। यहां उन्होंने नवनिर्वाचित विधायकों से मुलाकात भी की। इससे पहले जब अमित शाह कोलकाता पहुंचे तो एयरपोर्ट पर सुवेंदु अधिकारी ने ही उनका स्वागत किया था। भाजपा ने शाह को विधायक दल की बैठक के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक बनाया है। भाजपा ने विधानसभा चुनाव में 294 में से 207 सीटें जीतकर ऐतिहासिक बहुमत हासिल किया है। वहीं टीएमसी 80 सीटों पर सिमट गई। भवानीपुर सीट से ममता बनर्जी को हराने वाले सुवेंदु अधिकारी नंदीग्राम सीट से भी लगातार दूसरी बार चुनाव जीतने में सफल रहे। भाजपा नेताओं का दावा है कि लंबे राजनीतिक संघर्ष और कार्यकर्ताओं के बलिदान के बाद बंगाल में पहली बार भाजपा सरकार बनने जा रही है। पार्टी नेताओं ने इसे श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपने का साकार होना बताया है।


26 साल बाद बंगाल को मिलेंगे डिप्टी CM

पश्चिम बंगाल में करीब 26 साल बाद उपमुख्यमंत्री पद पर नियुक्ति होने जा रही है। इससे पहले साल 2000 में बुद्धदेव भट्टाचार्य इस पद पर रहने वाले आखिरी नेता थे। भाजपा अब नई सरकार में दो डिप्टी CM बनाकर बड़ा राजनीतिक संदेश देने की तैयारी में है। उधर, राज्य में सियासी तनाव भी बढ़ा हुआ है। टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी ने चुनाव परिणामों को साजिश बताते हुए इस्तीफा देने से इनकार कर दिया है। वहीं बंगाल के राज्यपाल आरएन रवि विधानसभा भंग करने का नोटिफिकेशन जारी कर चुके हैं। दूसरी ओर, कोलकाता के पास मध्यमग्राम में सुवेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या के बाद माहौल और गरमा गया है। भाजपा नेताओं ने पोस्ट-पोल हिंसा को लेकर टीएमसी पर हमला बोला है। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह समेत एनडीए के कई बड़े नेताओं के शामिल होने की संभावना है।


यह भी पढ़ें- बंगाल में भाजपा विधायक दल की बैठक आज, अमित शाह कोलकाता पहुंचे, चुनेंगे पहला मुख्यमंत्री, कल शपथ ग्रहण समारोह

advertisement image