Curated By:
shivup |
Hindi Now Uttar Pradesh • 08 May 2026, 01:29 pm
उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रदेश के हर जिले में तैनात किए जाने वाले सीएम फेलो के लिए बड़ी घोषणा की है। अब इस पद पर चयनित युवाओं को भविष्य में सरकारी नौकरियों में आयु सीमा में छूट दी जाएगी। पिछले सप्ताह यूपी कैबिनेट से प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद चयन प्रक्रिया और तैनाती व्यवस्था पर तेजी से काम शुरू हो गया है। सरकार का मानना है कि इस योजना से प्रतिभाशाली और प्रशासनिक समझ रखने वाले युवाओं को शासन व्यवस्था से जोड़ने में मदद मिलेगी।
100 अंकों के आधार पर होगा चयन
अपर मुख्य सचिव नियोजन आलोक कुमार के मुताबिक, सीएम फेलो का चयन यूपी स्टेट ट्रांसफार्मेशन कमीशन के तहत मेरिट आधारित प्रक्रिया से किया जाएगा। चयन के लिए कुल 100 अंकों की प्रणाली तय की गई है। इसमें 50 अंक लिखित परीक्षा, 30 अंक अधिमानी अर्हता और 20 अंक साक्षात्कार के लिए निर्धारित किए गए हैं। लिखित परीक्षा में नीति निर्माण, प्रशासनिक समझ, समसामयिक घटनाक्रम, डेटा विश्लेषण, डिजिटल गवर्नेंस और समस्या समाधान से जुड़े सवाल पूछे जाएंगे। सरकार का उद्देश्य ऐसे युवाओं का चयन करना है जिनमें प्रशासनिक क्षमता, नेतृत्व कौशल और क्षेत्रीय कार्य अनुभव हो।
उच्च शिक्षित और अनुभवी युवाओं को मिलेगा फायदा
अधिमानी अर्हता के तहत नीति अनुसंधान, सामाजिक क्षेत्र में कार्य अनुभव, डिजिटल टेक्नोलॉजी, डाटा मैनेजमेंट और प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग जैसे क्षेत्रों में काम करने वाले उम्मीदवारों को अतिरिक्त वेटेज दिया जाएगा। प्रतिष्ठित संस्थानों से उच्च शिक्षा प्राप्त युवाओं को भी चयन प्रक्रिया में अतिरिक्त लाभ मिलेगा। चयनित फेलो को तैनाती से पहले दो सप्ताह का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि उन्हें प्रशासनिक कार्यप्रणाली और सरकारी योजनाओं की बेहतर समझ मिल सके। सरकार ने संकेत दिए हैं कि शुरुआती चरण में सीमित संख्या में फेलो तैनात किए जाएंगे, लेकिन योजना सफल रहने पर इनकी संख्या बढ़ाई जा सकती है। सरकारी नौकरियों में आयु सीमा में छूट को इस योजना का सबसे बड़ा आकर्षण माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें- NCRB की रिपोर्ट में यूपी ने किया टॉप, महिलाओं की सुरक्षा में अव्वल, योगी सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति का असर