Curated By:
Shiv Vishwakarma |
Hindi Now Uttar Pradesh • 27 Dec 2025, 11:10 am
एम्स ऋषिकेश में भर्ती कुख्यात बदमाश विनय त्यागी की उपचार के दौरान शुक्रवार को मौत हो गई। घटना के तीसरे दिन उसने दम तोड़ा। विनय त्यागी ट्रॉमा सेंटर में भर्ती था और पुलिस अभिरक्षा में उसका इलाज चल रहा था। एम्स के पीआरओ श्रीलॉय मोहंती ने उसकी मौत की पुष्टि की है। पुलिस वाहन पर फायरिंग के दौरान विनय के सीने, हाथ और गले में गोली लगी थी, जिसके बाद से उसकी हालत नाजुक बनी हुई थी।
लक्सर-हरिद्वार हाईवे पर हुई थी सनसनीखेज वारदात
पूरा मामला बुधवार दोपहर करीब एक बजे लक्सर-हरिद्वार हाईवे स्थित ओवरब्रिज का है। मेरठ निवासी कुख्यात बदमाश विनय त्यागी धोखाधड़ी के एक मामले में रुड़की कारागार में बंद था। उसे लक्सर एसीजेएम कोर्ट में पेशी के लिए चालक सहित छह पुलिसकर्मियों की सुरक्षा में सरकारी टाटा सूमो वाहन से ले जाया जा रहा था। जब पुलिस वाहन ओवरब्रिज के बीच जाम में फंसा, तभी पहले से घात लगाए दो बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी।
त्यागी को लगीं तीन गोलियां, गाड़ी में ही गिर पड़ा
अंधाधुंध गोलियों की बौछार में विनय त्यागी को तीन गोलियां लगीं और वह वाहन में ही गिर पड़ा। इस हमले में पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए, हालांकि दो पुलिसकर्मियों को चोटें आईं। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश हथियार लहराते हुए भीड़ के बीच फरार हो गए। घायल विनय को तुरंत लक्सर सीएचसी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे कड़ी सुरक्षा में एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया था।
दोनों शूटर गिरफ्तार, हत्या की साजिश का खुलासा
घटना के दूसरे दिन पुलिस ने खानपुर थाना क्षेत्र के जंगल से दोनों शूटरों को गिरफ्तार कर लिया। मुख्य आरोपी सन्नी यादव उर्फ शेरा निवासी गुलजारपुर, काशीपुर और उसका साथी अजय निवासी खरमासा कॉलोनी, काशीपुर हैं। दोनों का आपराधिक इतिहास रहा है और वे पहले भी डकैती के मामले में जेल जा चुके हैं। पुलिस के अनुसार गैंगवार की आशंका को देखते हुए दोनों को रुड़की जेल की जगह हरिद्वार जेल में शिफ्ट किया गया है।
पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद आया सामने
पूछताछ में मुख्य आरोपी सन्नी ने कबूल किया कि पैसों के लेनदेन को लेकर उसका विनय त्यागी से विवाद चल रहा था। रकम मांगने पर विनय उसे हत्या की धमकी दे रहा था। इसी रंजिश में सन्नी ने साथी अजय के साथ मिलकर विनय की हत्या की साजिश रची। दोनों काफी समय से उसकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए थे और विनय के रुड़की कारागार में शिफ्ट होने के बाद लक्सर में पेशी की जानकारी मिलने पर वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस जांच जारी, सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
घटना के बाद से पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड में है। एसपी देहात, सीओ और कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची थी। विनय त्यागी की मौत के बाद अब पुलिस केस की धाराएं बढ़ाने की तैयारी कर रही है। पूरे मामले की गहन जांच जारी है और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
यह भी पढ़ें- 4 दर्जन से अधिक मुकदमे, कई राज्यों में फैला नेटवर्क, कौन है गैंगेस्टर विनय त्यागी?