Curated By:
Shiv Vishwakarma |
Hindi Now Uttar Pradesh • 28 Dec 2025, 04:00 pm
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू रविवार को रामनगरी अयोध्या पहुंचे। महर्षि वाल्मीकि एयरपोर्ट पर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्त और जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने उनका स्वागत किया। एयरपोर्ट से सीधे मुख्यमंत्री राम जन्मभूमि मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने विधि-विधान से रामलला के दर्शन और पूजन किया। प्रतिष्ठा द्वादशी के अवसर पर आयोजित धार्मिक अनुष्ठानों में भी वे शामिल हुए। अयोध्या पहुंचने पर मुख्यमंत्री नायडू में खासा उत्साह देखने को मिला और उन्होंने इस यात्रा को आध्यात्मिक रूप से महत्वपूर्ण बताया।
राम मंदिर में अनुष्ठान में हुए शामिल, परिसर की भव्यता ने किया प्रभावित
श्रीराम जन्मभूमि मंदिर पहुंचकर मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने यज्ञशाला में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर हो रहे अनुष्ठानों में भाग लिया। वैदिक आचार्यों द्वारा कराए जा रहे विधि-विधान को उन्होंने श्रद्धापूर्वक देखा और पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने रामलला और राम दरबार के दर्शन किए। मंदिर परिसर का भ्रमण करते हुए मुख्यमंत्री ने संपूर्ण निर्माण कार्य को बेहद करीब से देखा। इस दौरान श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने उन्हें मंदिर निर्माण की विशेषताओं, वास्तुकला और प्रयुक्त सामग्री के बारे में विस्तार से जानकारी दी। मंदिर परिसर की भव्यता और दिव्यता को देखकर मुख्यमंत्री नायडू अभिभूत नजर आए। उन्होंने कहा कि यह मंदिर न केवल आस्था का केंद्र है, बल्कि आने वाले समय में यह पूरे देश और दुनिया के लिए एक बड़ा आध्यात्मिक हब बनेगा। भ्रमण के दौरान उन्होंने वहां मौजूद श्रद्धालुओं का अभिवादन भी किया।
रामराज्य को बताया सुशासन का आदर्श, यूपी सरकार की जमकर सराहना
अयोध्या दौरे के दौरान मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि रामराज्य किसी भी सरकार के लिए एक बेंचमार्क है। उन्होंने श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के निर्माण में योगदान देने वाले सभी लोगों की खुले दिल से सराहना की। उन्होंने कहा कि यह मंदिर भारत की आध्यात्मिक पहचान को और मजबूत करेगा। मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि यूपी आज विकास के रास्ते पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि यदि उत्तर प्रदेश और बिहार का समुचित विकास होता है, तभी ‘विकसित भारत 2047’ का सपना साकार हो सकता है। मुख्यमंत्री नायडू ने यूपी के मुख्यमंत्री के कार्यों की प्रशंसा करते हुए उन्हें बधाई दी और कहा कि आने वाले दो वर्षों में राम मंदिर अन्य धार्मिक स्थलों के लिए एक उदाहरण बनेगा। इस दौरान कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, राम मंदिर ट्रस्ट के सदस्य डॉ. अनिल मिश्र, मंदिर निर्माण प्रभारी गोपाल राव समेत कई अन्य लोग मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- जनता से संवाद करने से बेहतर होगी पुलिसिंग, जनप्रतिनिधियों के फोन उठाएं अधिकारी, बोले सीएम योगी