Curated By:
Shiv Vishwakarma |
Hindi Now Uttar Pradesh • 28 Dec 2025, 02:19 pm
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि बीते आठ वर्षों में प्रदेश में कानून का राज स्थापित होने से जनता का विश्वास तेजी से बढ़ा है। कानून व्यवस्था में सुधार की वजह से यूपी का माहौल पूरी तरह बदल गया है। मुख्यमंत्री रविवार को लखनऊ में आयोजित ‘पुलिस मंथन’ वरिष्ठ पुलिस अधिकारी सम्मेलन-2025 को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सिपाही से लेकर जोन स्तर के अधिकारी तक सीधे जनता से संवाद करें, जनप्रतिनिधियों से संपर्क बनाए रखें और उनके फोन कॉल रिसीव करें। जनता और जनप्रतिनिधियों को सही समय पर स्थितियों से अवगत कराना पुलिस की जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि संवाद और पारदर्शिता से ही कानून व्यवस्था को और मजबूत किया जा सकता है।
कानून व्यवस्था सुधरी, तभी बदली प्रदेश की धारणा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यूपी को लेकर देश और दुनिया में जो धारणा पहले बनी हुई थी, वह अब बदल चुकी है। उन्होंने कहा कि अगर पहले की तरह दंगे होते, कर्फ्यू लगता और अराजकता का माहौल बना रहता, तो क्या प्रदेश की छवि बदल पाती। सरकार ने कानून के दायरे में रहकर सख्त और प्रभावी कदम उठाए, जिसका नतीजा यह हुआ कि प्रदेश में शांति और सुरक्षा का माहौल बना। उन्होंने कहा कि आज आम नागरिक खुद को सुरक्षित महसूस कर रहा है और यही सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि है। पुलिस और प्रशासन की जिम्मेदारी है कि इस विश्वास को बनाए रखें और और अधिक मजबूत करें।
विकसित भारत में राज्यों की अहम भूमिका
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में राज्य सरकारों की बड़ी भूमिका है। यूपी जैसे बड़े राज्य में कानून व्यवस्था मजबूत होगी, तभी विकास संभव है। उन्होंने कहा कि पिछले आठ वर्षों में प्रदेश में बड़े स्तर पर इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास हुआ है। देश के करीब 55 प्रतिशत एक्सप्रेसवे यूपी में हैं, जो इन्हीं आठ वर्षों में बने हैं। इसके अलावा सबसे बड़ा रेल नेटवर्क और बेहतर एयर कनेक्टिविटी भी यूपी की पहचान बन चुकी है। यह सब तभी संभव हुआ, जब प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ और निवेशकों को भरोसे का माहौल मिला।
निवेश और विकास की राह पर यूपी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज निवेशक यूपी में निवेश करने के लिए तैयार हैं, क्योंकि उन्हें भरोसा है कि यहां कानून व्यवस्था मजबूत है। उद्योगों को सुरक्षा और स्थिरता मिल रही है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से अपेक्षा जताई कि वे संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ काम करें। जनता की शिकायतों को गंभीरता से लें और समय पर समाधान करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि कानून का राज सिर्फ सख्ती से नहीं, बल्कि व्यवहार, संवाद और जवाबदेही से चलता है। इसी से प्रदेश विकास की राह पर आगे बढ़ेगा और जनता का भरोसा कायम रहेगा।
यह भी पढ़ें- 'सपा, राजद या टीएमसी हो, इन पार्टियों में पदाधिकारी बनना है तो पुनर्जन्म लेकर उनके खानदान में जन्म लेना होगा'