शादी के मंडप में दुल्हन के सामने खड़ा था दूल्हा और उसका प्रेमी, जानें किससे भरवाई मांग?

Curated By: editor1 | Hindi Now Uttar Pradesh • 26 Sep 2025, 11:23 am
news-banner
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले से एक हैरान करने वाली खबर सामने आई है। यहां एक दुल्हन ने दूल्हे के सामने ही अपने प्रेमी से मांग भरवा ली। यह देखकर हंगामा हो गया और बारात चौखट से लौट गई। आइये पूरा मामला जानते हैं।

बाराबंकी जिले में एक शादी समारोह एक हैरान करने वाला नजारा देखने को मिला। यहां मंडप में दुल्हन ने दूल्हे से शादी करने से इनकार कर दिया और अपने प्रेमी से अपनी मांग भरवा ली। इस घटना के बाद बारातियों में हंगामा मच गया और माहौल तनावपूर्ण हो गया। हालात बिगड़ने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को चौकी ले गई। वहां समझौते की कोशिश हुई, लेकिन अंत में दुल्हन के बिना ही बारात लौट गई।


उत्तर टोला मोहल्ले के नरेश की बेटी मोहिनी की शादी हैदरगढ़ के कोठी क्षेत्र निवासी विकास सोनी से तय हुई थी। एक महीने पहले दोनों की सगाई हो चुकी थी और 24 सितंबर की तारीख विवाह के लिए तय की गई थी। तय तारीख पर विकास करीब सौ से अधिक बारातियों के साथ पहुंचा। बारात का स्वागत जोर-शोर से हुआ, लेकिन मंडप में माहौल बदल गया। दुल्हन के परिवार ने आरोप लगाया कि दूल्हे पक्ष ने अचानक डेढ़ लाख रुपये और डेढ़ तोले सोने की अंगूठी की मांग रख दी। दुल्हन के पिता इस मांग को पूरा करने में असमर्थ थे और जब दूल्हे पक्ष ने बारात वापस ले जाने की धमकी दी तो माहौल और बिगड़ गया।


दहेज की मांग पर दुखी होकर बहन के देवर से भरवाई मांग

दुल्हन मोहिनी इससे दुखी हो गई और मंडप में मौजूद अपनी बहन के देवर शिवांश के पास पहुंची। उसने उससे शादी करने का प्रस्ताव रखा और शिवांश ने हामी भर दी। सबके सामने ही शिवांश ने मोहिनी की मांग में सिंदूर भर दिया। यह नजारा देख बारातियों में हंगामा मच गया और तोड़फोड़ की आशंका से माहौल और गरमा गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को काबू में लिया और दोनों पक्षों को चौकी ले जाकर बातचीत कराई। मोहिनी ने पुलिस के सामने बताया कि उसे विकास कभी पसंद नहीं था, लेकिन पिता की जिद के चलते वह शादी के लिए तैयार हो गई थी। उसका कहना था कि वह पिछले तीन साल से शिवांश से बातचीत कर रही थी और दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन परिवार तैयार नहीं था। वहीं उसकी बहन कोमल ने कहा कि उसे इस प्रेम संबंध के बारे में पहले जानकारी नहीं थी।


दूल्हा पक्ष का आरोप साजिश के तहत अपमानित कर बारात

दूल्हे के पिता शिवकुमार सोनी ने उल्टा लड़की पक्ष पर ही पैसों की मांग का आरोप लगाया। उनका कहना था कि बारात पहुंचने पर लड़की पक्ष ने हर महिला के लिए 501 रुपये और दूल्हे के लिए 5001 रुपये मांगे। यह पैसे देने से उन्होंने इनकार किया। उनका आरोप था कि यह सब साजिश के तहत किया गया और उन्हें अपमानित कर बारात लौटाने के लिए मजबूर किया गया। वहीं शिवांश ने स्वीकार किया कि वह और मोहिनी लंबे समय से एक-दूसरे को जानते थे और शादी करना चाहते थे। शिवांश के मुताबिक जब बारात लौटने लगी तो मोहिनी ने आकर उससे विवाह की गुहार लगाई और इसी कारण उसने वहीं उसकी मांग भर दी।


यह भी पढ़ें- आखिर क्या है आई लव मोहम्मद विवाद? कई जगह फैला आक्रोश, हर जगह पुलिस अलर्ट!

advertisement image