देशभर के लाखों कर्मचारियों के लिए खुशखबरी, केंद्र सरकार ने बढ़ा दिया भत्ता, अभी जानें अपने फायदे की खबर

Curated By: shivup | Hindi Now Uttar Pradesh • 18 Apr 2026, 06:52 pm
news-banner

केंद्र सरकार ने महंगाई भत्ता 2% बढ़ाकर 60% कर दिया है, जो 1 जनवरी 2026 से लागू होगा। इससे 50 लाख से अधिक कर्मचारियों और 69 लाख पेंशनर्स को फायदा मिलेगा। फैसले से सैलरी और पेंशन में बढ़ोतरी होगी।

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स को बड़ी राहत देते हुए महंगाई भत्ता (डीए) और महंगाई राहत (डीआर) में 2% की बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है। अब डीए 58% से बढ़कर 60% हो गया है, जो 1 जनवरी 2026 से लागू होगा। इस फैसले का फायदा करीब 50 लाख से ज्यादा कर्मचारियों और 69 लाख पेंशनर्स को मिलेगा। सरकार के इस निर्णय से सालाना लगभग 6,791 करोड़ रुपये का अतिरिक्त खर्च बढ़ेगा।


साल में दो बार होता है डीए रिविजन
सरकार हर साल जनवरी और जुलाई में डीए और डीआर में संशोधन करती है। इससे पहले जुलाई 2025 से डीए 55% से बढ़ाकर 58% किया गया था। डीए का सीधा असर कर्मचारियों की सैलरी और पेंशनर्स की पेंशन पर पड़ता है, जिससे महंगाई के असर को कम करने में मदद मिलती है।


क्या है महंगाई भत्ता और क्यों जरूरी है
महंगाई भत्ता एक तरह का ‘जीवन यापन भत्ता’ होता है, जो कर्मचारियों को बढ़ती कीमतों से राहत देने के लिए दिया जाता है। यह बेसिक सैलरी का एक प्रतिशत होता है और समय-समय पर इसमें बदलाव किया जाता है, ताकि कर्मचारियों की वास्तविक आय बनी रहे।


8वें वेतन आयोग को लेकर बढ़ी उम्मीदें
इस फैसले के बीच कर्मचारी संगठनों ने 8वें वेतन आयोग के तहत बड़ा बदलाव करने की मांग तेज कर दी है। संगठनों ने फिटमेंट फैक्टर 3.83 करने और न्यूनतम बेसिक सैलरी 18,000 रुपये से बढ़ाकर करीब 69,000 रुपये करने का प्रस्ताव दिया है। हालांकि, अभी तक आयोग लागू होने की कोई आधिकारिक तारीख सामने नहीं आई है।


आयोग लागू होने तक जारी रहेगा डीए
जब तक नया वेतन आयोग लागू नहीं होता, तब तक डीए मौजूदा प्रणाली के तहत ही मिलता रहेगा। नए वेतन आयोग के लागू होने पर डीए को बेसिक सैलरी में मर्ज कर दिया जाएगा और फिर से शून्य से शुरू किया जाएगा। इसके बाद सैलरी, पेंशन और अन्य भत्तों में व्यापक बदलाव देखने को मिलेंगे।

advertisement image