लखनऊ में बोले सीएम योगी, कहा- सरकार व संगठन मिलकर प्रदेश को आगे बढ़ाएंगे

Curated By: Shiv Vishwakarma | Hindi Now Uttar Pradesh • 14 Dec 2025, 05:29 pm
news-banner

यूपी बीजेपी अध्यक्ष का औपचारिक ऐलान कर दिया है। निर्वाचन समारोह में सीएम योगी ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार व संगठन मिलकर प्रदेश को आगे बढ़ाएंगे। आइए खबर में पूरा बयान जानते हैं।

भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष के औपचारिक ऐलान के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नए प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया और संगठन को बधाई दी। उन्होंने कहा कि अब सरकार और संगठन एकजुट होकर आगे बढ़ेंगे और उत्तर प्रदेश को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंशा के अनुरूप विकास के नए शिखर तक ले जाएंगे। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि मजबूत संगठन और स्थिर सरकार के समन्वय से ही प्रदेश में बड़े बदलाव संभव हुए हैं और आगे भी यही मॉडल जारी रहेगा।


मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि वर्ष 2017 में जब प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी, तभी से उत्तर प्रदेश की पहचान बदलनी शुरू हो गई। कानून व्यवस्था में व्यापक सुधार हुआ, जिससे निवेशकों का भरोसा प्रदेश पर बढ़ा। पहले जहां उद्योगपति यूपी में निवेश करने से हिचकते थे, वहीं अब प्रदेश निवेश के लिए पसंदीदा गंतव्य बन चुका है। केंद्र सरकार से हर स्तर पर पूरा सहयोग मिला और प्रदेश के विकास से जुड़ी हर मांग को केंद्र ने प्राथमिकता के साथ पूरा किया। पहली बार निवेशकों के लिए ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी का आयोजन हुआ, जिसने विकास को जमीन पर उतारने का रास्ता प्रशस्त किया। इसी नीति और निरंतर बदलाव के कारण उत्तर प्रदेश बीमारू राज्यों की श्रेणी से बाहर निकलकर विकासशील राज्यों की कतार में आ गया।


सैकड़ों वर्षों बाद अयोध्या का सपना पूरा हुआ

सीएम ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश की पहचान विकास और विरासत दोनों के संतुलन से होती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सैकड़ों वर्षों के इंतजार के बाद अयोध्या में राम मंदिर के लिए भूमि पूजन हुआ, मंदिर का भव्य उद्घाटन संपन्न हुआ और 25 नवंबर को ध्वजारोहण के साथ मंदिर के पूर्ण होने की घोषणा भी की गई। यह सब भाजपा सरकार में ही संभव हो सका। आज उत्तर प्रदेश देश का ऐसा राज्य बन चुका है जहां सबसे अधिक हाईवे हैं और सबसे ज्यादा मेट्रो रेल का संचालन हो रहा है। पहले जहां प्रदेश में तीन से चार घंटे ही बिजली मिलती थी, वहीं अब यूपी एक मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर वाला राज्य बन चुका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परिवर्तन डबल इंजन की सरकार का परिणाम है।


साफ नीयत से किया जा रहा एसआईआर

विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्रक्रिया पूरी तरह शुद्ध नीयत से की जा रही है। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र मतदाताओं को मतदाता सूची से जोड़ना और फर्जी मतदाताओं को रोकना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे घर-घर जाकर लोगों की मदद करें और यह सुनिश्चित करें कि मतदाता सूची साफ-सुथरी रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि एक बार सही मतदाता सूची तैयार हो जाने पर चुनावी तैयारियों का अधिकांश काम पूरा हो जाएगा। अंत में उन्होंने कहा कि फिलहाल कार्यकर्ताओं को कहीं और जाने की जरूरत नहीं है। न गोरखपुर, न महाराजगंज और न ही दिल्ली जाने की आवश्यकता है। अगले एक महीने तक सभी कार्यकर्ताओं को सिर्फ बूथ स्तर पर काम करने पर ध्यान देना चाहिए।


यह भी पढ़ें- अखिलेश पर भड़के राजभर, कहा- क्या अखिलेश यादव से पूछकर बनाएं संगठन

advertisement image