Curated By:
Shiv Vishwakarma |
Hindi Now Uttar Pradesh • 17 Dec 2025, 04:11 pm
लखनऊ में बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस मुख्यालय से निकले कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए भाजपा प्रदेश मुख्यालय की ओर बढ़े। पुलिस को पहले से इस प्रदर्शन की जानकारी थी, इसलिए रास्ते में पांच स्तर की बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया गया। इसके बावजूद कई कांग्रेस कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पर चढ़ गए और सरकार विरोधी नारे लगाने लगे। कुछ कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग के किनारे से आगे निकलने की कोशिश भी की, जिस पर पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए सभी प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर इको गार्डन भेज दिया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना था कि वे भाजपा को यह संदेश देना चाहते थे कि केंद्र सरकार ईडी का दुरुपयोग कर रही है। उनका आरोप है कि जांच एजेंसियों के जरिए कांग्रेस नेताओं की छवि धूमिल करने और उन्हें बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। कांग्रेस ने इसे लोकतंत्र के लिए खतरा बताया। दरअसल, नेशनल हेराल्ड मामले में दिल्ली की अदालत द्वारा सोनिया गांधी, राहुल गांधी समेत पांच अन्य लोगों के खिलाफ ईडी की चार्जशीट पर संज्ञान लेने से इनकार किए जाने को कांग्रेस ने अपनी बड़ी जीत बताया है।
प्रदर्शन के दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर दुर्व्यवहार के आरोप लगाए। एक कांग्रेस कार्यकर्ता ने कहा कि पुलिस ने धक्का-मुक्की करते समय उसके कपड़े फाड़ दिए। उसने इसे लोकतंत्र में शर्मनाक रवैया बताते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी पुलिस और ईडी जैसी संस्थाओं का इस्तेमाल राजनीतिक विरोधियों को दबाने के लिए कर रही है। कांग्रेस के पूर्व विधान परिषद सदस्य दीपक सिंह ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि यह सरकार अन्याय और अत्याचार की प्रतीक बन चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में महात्मा गांधी के विचारों और नाम को मिटाने की साजिश की जा रही है, लेकिन कांग्रेस पार्टी ऐसा कभी नहीं होने देगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सड़क से लेकर संसद तक संघर्ष करेगी, जरूरत पड़ी तो जेल भी जाएगी।
कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कहा कि भाजपा लगातार कांग्रेस परिवार और उसके नेताओं का अपमान करने की कोशिश कर रही है। चाहे ईडी का मामला हो या मनरेगा जैसे मुद्दे, हर मोर्चे पर दबाव बनाने की रणनीति अपनाई जा रही है। नेताओं का कहना था कि अदालत से सोनिया गांधी और राहुल गांधी को जिस तरह राहत मिली है, वह भाजपा के लिए सबक है और यह साबित करता है कि देश में लोकतंत्र और संविधान अभी भी जीवित हैं। प्रदर्शन से पहले कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा था कि लंबे समय से भाजपा सरकार ईडी का दुरुपयोग कर रही थी, लेकिन अब न्यायालय के फैसले ने सच्चाई सामने ला दी है। उन्होंने कहा कि अदालत के फैसले से कांग्रेस नेताओं की छवि और मजबूत हुई है और जनता का भरोसा पहले से ज्यादा बढ़ा है।
यह भी पढ़ें- पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 22 जिलों में बंद, सड़कों पर उतरे वकील, क्या है पूरा मसला? जानें यहां