केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश के लिए बोल दी ऐसी बात, मचेगा हंगामा

Curated By: Shiv Vishwakarma | Hindi Now Uttar Pradesh • 05 Aug 2025, 04:23 pm
news-banner

कौशाम्बी दौरे पर पहुंचे उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने बाढ़ प्रबंधन को लेकर अखिलेश यादव के लगाए गए आरोपों पर करारा जवाब दिया है। आइये जानते हैं।

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य मंगलवार को कौशाम्बी दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत में सपा मुखिया अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा और के बाढ़ से जुड़े सवालों को गैर-जिम्मेदाराना करार दिया। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव दूध पीते बच्चे की तरह सवाल करते हैं। यह एक प्राकृतिक आपदा है, इसमें जो भी समस्याएं आएंगी, उनका समाधान किया जाएगा। अखिलेश यादव सत्ता वियोग में बौखलाए हुए हैं, इसलिए अनाप-शनाप बयानबाजी कर रहे हैं।


लखनऊ में हिमालय सहकारी समिति के जरिए हुए करीब 3 लाख 59 हजार वर्ग मीटर ज़मीन घोटाले पर डिप्टी सीएम ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि हमारी सरकार में कोई भी घोटाला करेगा, तो उसे बख्शा नहीं जाएगा। अगर जांच में आरोप साबित होते हैं, तो आरोपी की बाकी जिंदगी जेल में ही कटेगी। इसमें किसी को कोई संदेह नहीं होना चाहिए।


मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने किया बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा

उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने सोमवार को प्रयागराज के करछना तहसील स्थित कटका डेरा गांव का दौरा किया। यह गांव इन दिनों बाढ़ से प्रभावित है। मंत्री नन्दी ने बाढ़ग्रस्त इलाकों का निरीक्षण कर वहां की स्थिति का जायजा लिया और पीड़ित लोगों से मिलकर उनका हालचाल जाना। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रभावित लोगों के लिए तुरंत सूखा राशन और मवेशियों के लिए चारे की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि गंगा और यमुना नदियों के जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, ऐसे में बाढ़ चौकियों के माध्यम से जलस्तर पर निरंतर नजर रखी जाए।


नन्दी ने अधिकारियों से कहा कि ग्राम प्रधानों के सहयोग से स्थिति बिगड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की पूरी तैयारी रखी जाए। मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार बाढ़ पीड़ितों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सरकार आपदा की इस घड़ी में जनता के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है और हर स्थिति के लिए पूरी तरह चौकस है। सरकार जनता की सेवा के लिए है और किसी को भी कोई परेशानी नहीं होगी। 


यह भी पढ़ें- लखनऊ में लगातार 72 घंटे से बारिश, सब कुछ हुआ पानी-पानी, चारों तरफ तबाही! 

advertisement image