Curated By:
editor1 |
Hindi Now Uttar Pradesh • 21 Sep 2025, 01:46 pm
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की वैशाली में चल रही ‘बिहार अधिकार यात्रा’ के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी दिवंगत मां को लेकर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी पर सियासी घमासान तेज हो गया है। इस मुद्दे पर भाजपा नेताओं ने जहां तेजस्वी यादव को घेरते हुए तीखा हमला बोला, वहीं अब इस मामले में कानूनी कार्रवाई भी शुरू हो गई है। पटना के गांधी मैदान थाना क्षेत्र में तेजस्वी यादव और महुआ से राजद विधायक मुकेश कुमार रोशन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
दोनों नेताओं के खिलाफ यह शिकायत भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य कृष्ण सिंह कल्लू ने दर्ज कराई। आरोप है कि तेजस्वी यादव की यात्रा के दौरान आयोजित जनसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दिवंगत माता को लेकर अशोभनीय और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया। साथ ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के खिलाफ भी तीखी नारेबाजी हुई। कृष्ण सिंह कल्लू ने इसे बिहार की सभ्यता और लोकतांत्रिक परंपराओं का अपमान करार दिया। उन्होंने कहा कि ऐसा बयान निंदनीय ही नहीं, बल्कि समाज को गुमराह करने वाला है, इसलिए दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कदम उठाए जाने चाहिए।
आरजेडी नेता ने कहा- भाजपा हमले घबराई
भाजपा के इस रुख के जवाब में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने पलटवार किया। पार्टी प्रवक्ता चितरंजन गगन ने कहा कि तेजस्वी यादव की ‘बिहार अधिकार यात्रा’ को जनता का अभूतपूर्व समर्थन मिल रहा है, जिससे भाजपा और उसके सहयोगी दल बुरी तरह घबरा गए हैं। उन्होंने दावा किया कि इस यात्रा में तेजस्वी जिन मुद्दों को उठा रहे हैं, उन पर भाजपा कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं है। यही कारण है कि ध्यान भटकाने के लिए इस तरह के आरोप लगाए जा रहे हैं और राजनीतिक प्रपंच रचा जा रहा है। गगन ने आगे कहा कि बिहार की जनता सब कुछ समझ रही है और भाजपा के इन आरोपों से जनता के बीच कोई असर नहीं पड़ेगा।
बिहार में भाजपा और राजद के बीच राजनीतिक जंग शुरू
कुल मिलाकर राजद का मानना है कि भाजपा मुद्दों पर घिरने से बचने के लिए लगातार भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है। एक बयान से शुरू हुआ विवाद अब भाजपा और राजद के बीच राजनीतिक जंग का बड़ा कारण बन चुका है। जहां भाजपा इसे लोकतांत्रिक मूल्यों का उल्लंघन बता रही है, वहीं राजद इसे सत्तारूढ़ दल की घबराहट करार दे रही है। इस राजनीतिक घमासान ने बिहार की सियासत को एक बार फिर गरमा दिया है।
यह भी पढ़ें- 'रामभद्राचार्य संत नहीं, मुस्लिम औरतें 25 बच्चे करें, उनसे क्या मतलब?'