यूपी के मऊ में दर्दनाक हादसा, पांच की मौत से मचा मातम, बेटी की शादी से घर लौट रहा था परिवार

Curated By: shivup | Hindi Now Uttar Pradesh • 25 Apr 2026, 10:28 am
news-banner

गोरखपुर-वाराणसी फोरलेन पर भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों समेत पांच लोगों की मौत हो गई, शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।

बेटी की शादी की खुशियां मातम में बदल गईं, जब घर लौट रहे एक ही परिवार के तीन सदस्यों समेत पांच लोगों की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। हादसा शनिवार देर रात गोरखपुर-वाराणसी फोरलेन पर दोहरीघाट थाना क्षेत्र के कुसुम्हा बशारतपुर के पास हुआ। तेज रफ्तार स्कार्पियो पहले डिवाइडर से टकराई और फिर दूसरी लेन में जाकर ट्रेलर से भिड़ गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी लोग अंदर ही फंस गए। मृतकों में गोरखपुर के खोराबार थाना क्षेत्र के रानीडीहा निवासी विनय श्रीवास्तव, उनकी पत्नी अर्चना, बेटा कृतार्थ और दो चालक शामिल हैं। परिवार बेटी की शादी कर झारखंड के रांची से वापस लौट रहा था। इस हादसे ने पूरे परिवार को एक झटके में खत्म कर दिया, जिससे गांव में शोक की लहर है।


नींद की झपकी बनी हादसे की वजह

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हादसा रात करीब ढाई बजे हुआ जब वाहन कुसुम्हा बशारतपुर के पास पहुंचा। इसी दौरान चालक को झपकी आ गई और गाड़ी अनियंत्रित हो गई। स्कार्पियो पहले डिवाइडर से टकराई और फिर दूसरी लेन में जाकर तेज रफ्तार ट्रेलर से भिड़ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। हादसे के वक्त गाड़ी में पांच लोग सवार थे, जिनमें परिवार के तीन सदस्य और दो चालक शामिल थे। सभी की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि परिवार के साथ उनका पालतू कुत्ता भी गाड़ी में मौजूद था।


ढाई घंटे मशक्कत के बाद निकाले गए शव

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण शवों को निकालना आसान नहीं था। पुलिस ने करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद स्कार्पियो को काटकर सुबह करीब पांच बजे सभी शव बाहर निकाले। इसके बाद उन्हें पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हादसे की जानकारी परिजनों को दे दी गई है और दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात बहाल करा दिया गया है। इस दर्दनाक घटना के बाद मृतकों के गांव में मातम पसरा हुआ है और हर कोई इस हादसे से स्तब्ध है।


यह भी पढ़ें- यूपी में बड़ा हादसा, 11 की मौत से मचा मातम, इनमें 9 जिंदा जले, पूरा हादसा जान हिल जाएंगे आप

advertisement image