Curated By:
editor1 |
Hindi Now Uttar Pradesh • 03 Oct 2025, 10:13 am
बरेली में जुमे की नमाज से पहले सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। शहर को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। साथ ही पुलिस-प्रशासन ने हाई अलर्ट घोषित किया है। पूरे शहर को चार सुपर जोन और चार स्पेशल जोन में बांटा गया है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस, पीएसी और आरएएफ के कुल 10,000 जवान तैनात कर दिए गए हैं। साथ ही पूरे शहर की निगरानी सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन से की जा रही है।
महिलाओं-बच्चों को आगे कर माहौल बिगाड़ने का इनपुट
शहर में इंटरनेट सेवा 2 अक्टूबर की दोपहर तीन बजे से बंद कर दी गई थी, जिसे 4 अक्टूबर की दोपहर तीन बजे तक बंद रखने का आदेश है। इससे पहले 26 सितंबर को हुए बवाल के बाद भी 60 घंटे तक नेट सेवाएं बाधित रही थीं। लखनऊ से गृह सचिव गौरव दयाल के आदेश पर यह कार्रवाई की गई है। हालांकि आदेश में नेट बंद करने का कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया गया है।
खुफिया सूत्रों के मुताबिक जुमे की नमाज के बाद संभावित प्रदर्शन की आशंका जताई गई है। प्रशासन को अंदेशा है कि अराजक तत्व महिलाओं और बच्चों को आगे कर माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर सकते हैं। इसी वजह से एहतियातन पूरे शहर में कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
हर गली, हर मोहल्ले और चौराहे पर पुलिस फोर्स तैनात
हर गली, चौराहे और संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। मस्जिदों और मदरसों के बाहर भी बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद है। सुबह से ही पुलिस टीमें ड्रोन की मदद से छतों की तलाशी कर रही हैं। साथ ही प्रशासन ने किसी भी आपात स्थिति के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। करीब 10 हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती में सबसे ज्यादा बल खलील तिराहे पर लगाया गया है, जहां पिछले शुक्रवार को हिंसा की शुरुआत हुई थी। नौमहला मस्जिद, जामा मस्जिद, दरगाह आला हजरत और शहदाना बली समेत सभी प्रमुख मस्जिदों के बाहर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात है। श्यामगंज चौराहे पर भी भारी पुलिस बल मौजूद है।
हाल में हुई हिंसा में 20 से अधिक पुलिसकर्मी हुए थे घायल
दरअसल बीते दिनों “आई लव मोहम्मद” पोस्टर विवाद को लेकर आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा ने धरना-प्रदर्शन की अपील की थी। इसी आह्वान पर भारी भीड़ जमा हो गई थी और स्थिति बिगड़ गई थी। उस दौरान लोगों ने पुलिस पर पथराव किया था। इस हमले में 20 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हुए थे। स्थिति को काबू में करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा था। इस बार प्रशासन किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोकने के लिए पूरी ताकत से मैदान में उतरा है।
यह भी पढ़ें- सीने पर लिखा आई लव मोहम्मद, फिर रील बनाकर किया वायरल, अब पुलिस ने सिखाया सबक, आप कहेंगे बढ़िया!