Curated By:
shivup |
Hindi Now Uttar Pradesh • 08 Apr 2026, 12:44 pm
कानपुर पुलिस ने साइबर ठगी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए घाटमपुर क्षेत्र के रेउना में फिल्मी स्टाइल में छापा मारकर 20 साइबर ठगों को गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार शाम को करीब 17 गाड़ियों में 70 पुलिसकर्मी पहुंचे और पहले ड्रोन से पूरे इलाके की निगरानी की गई। इसके बाद चारों तरफ से घेराबंदी कर रेड की गई। पुलिस की इस रणनीति के चलते ज्यादातर आरोपी भाग नहीं सके और मौके पर ही दबोच लिए गए। बताया जा रहा है कि यह गिरोह देशभर में लोगों को अलग-अलग तरीकों से ठगी का शिकार बना रहा था।
ड्रोन से निगरानी, सिविल ड्रेस में पहले की गई रेकी
इस पूरे ऑपरेशन को सुमित सुधाकर ने लीड किया। उन्होंने बताया कि पहले पुलिस टीम ने सिविल ड्रेस में इलाके की रेकी की थी। जांच में सामने आया कि गांवों के युवक खेतों, बागों और झोपड़ियों में बैठकर ग्रुप बनाकर देशभर में कॉल करते थे। ये लोग खुद को पुलिस अधिकारी, बैंक कर्मचारी या सरकारी योजना से जुड़ा बताकर लोगों को झांसे में लेते थे। प्रतिविंब पोर्टल पर भी इस क्षेत्र के कई गांव साइबर ठगी के हॉटस्पॉट के रूप में चिन्हित थे। इसके बाद पुख्ता योजना बनाकर बड़े स्तर पर यह कार्रवाई की गई।
लैपटॉप, मोबाइल और सैकड़ों सिम कार्ड बरामद
रेड के दौरान पुलिस को बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी मिले हैं। आरोपियों के पास से लैपटॉप, मोबाइल फोन और सैकड़ों एक्टिव सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। छापेमारी के दौरान अचानक पुलिस को देखकर ठगों में भगदड़ मच गई, लेकिन चारों ओर से घेराबंदी होने के कारण वे ज्यादा दूर नहीं भाग सके। पुलिस ने 20 आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया है, जबकि कई अन्य फरार हो गए हैं। इन सभी से पूछताछ की जा रही है और उनके नेटवर्क को खंगाला जा रहा है।
रोजाना 50-60 कॉल कर करते थे ठगी, लाखों की कमाई
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि एक साइबर ठग रोजाना 50 से 60 कॉल करता था, जिसमें से औसतन 5-6 लोग उनके झांसे में आ जाते थे। इस तरह यह गिरोह रोजाना लाखों रुपये की ठगी करता था। एक-एक आरोपी के पास 20 से 50 म्यूल अकाउंट तक मिले हैं, जिनके जरिए पैसों का लेन-देन किया जाता था। फिलहाल पुलिस फरार 15 आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा और सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।