Curated By:
shivup |
Hindi Now Uttar Pradesh • 03 Mar 2026, 12:53 pm
कानपुर के कर्नलगंज थाना क्षेत्र में एक निजी स्कूल की संगीत शिक्षिका ने युवक और उसके परिजनों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का कहना है कि युवक ने अपनी पहचान छिपाकर खुद को हिंदू बताकर उससे संबंध बनाए और शादी का झांसा देता रहा। करीब दो साल तक दोनों के बीच संबंध रहे। जब युवती गर्भवती हुई और उसने शादी की बात कही, तो आरोपी ने कथित तौर पर अपना धर्म अलग बताते हुए उससे दूरी बनानी शुरू कर दी। युवती का आरोप है कि इसके बाद उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया गया और विरोध करने पर जान से मारने तथा निजी वीडियो प्रसारित करने की धमकी दी गई। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
गर्भवती होने पर बढ़ा विवाद, जबरन गर्भपात का आरोप
पीड़िता के अनुसार, वर्ष 2023 में आरोपी से बातचीत बढ़ी और उसने शादी का भरोसा दिलाया। मई 2025 में गर्भवती होने की जानकारी मिलने पर उसने विवाह की बात दोहराई। आरोप है कि युवक ने पहले इनकार किया, फिर गर्भपात कराने का दबाव बनाया। युवती का कहना है कि मना करने पर उसके साथ मारपीट की गई और धमकाया गया। उसने यह भी आरोप लगाया कि उसे एक मकान में रोककर रखा गया और दवाएं देकर जबरन गर्भपात कराया गया। इस दौरान उसके साथ अभद्र व्यवहार और मारपीट की गई।
परिजनों पर भी गंभीर आरोप, पुलिस जांच जारी
शिकायत में युवती ने आरोपी के पिता, भाई और अन्य परिजनों पर भी मारपीट, धमकी और दुष्कर्म जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। उसने बताया कि कई बार मदद के लिए कॉल करने के बावजूद उसे राहत नहीं मिली। पीड़िता का यह भी आरोप है कि उससे नकद और ऑनलाइन माध्यम से पैसे लिए गए तथा जेवर छीन लिए गए। एसीपी कर्नलगंज अमित चौरसिया ने बताया कि मामले में संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में 8 साल की बच्ची से हैवानियत, रेप के बाद हालत नाजुक, शादी में गई थी दादी के मायके, घर से चंद दूरी पर मिली खून से लथपथ