किडनी ट्रांसप्लांट के आरोपी डॉ. अली ने किया सरेंडर, 25 हजार का इनामी था ओटी टेक्नीशियन, नोटों की गड्डियों पर लेटे फोटो हुई थी वायरल

Curated By: shivup | Hindi Now Uttar Pradesh • 16 Apr 2026, 04:52 pm
news-banner

कानपुर किडनी कांड में फरार ओटी टेक्नीशियन मुदस्सर अली ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया। 30 से ज्यादा अवैध ट्रांसप्लांट के आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है।

कानपुर के चर्चित किडनी कांड में गुरुवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया, जब लंबे समय से फरार चल रहा ओटी टेक्नीशियन मुदस्सर अली उर्फ डॉ. अली अचानक कोर्ट में पहुंचकर सरेंडर कर दिया। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही थी, लेकिन वह हाथ नहीं आ रहा था। इसी बीच उसने चकमा देते हुए एसीजेएम-6 की अदालत में खुद को पेश कर दिया। कोर्ट ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश दिया। इस घटनाक्रम के बाद मामले में एक अहम कड़ी पुलिस के हाथ लग गई है।


30 से ज्यादा अवैध ट्रांसप्लांट करने का आरोप

जांच में सामने आया है कि ओटी टेक्नीशियन मुदस्सर अली ही इस पूरे किडनी कांड का मुख्य किरदार था। उस पर आरोप है कि उसने कानपुर में 30 से अधिक किडनी ट्रांसप्लांट किए। बिना वैध अनुमति और नियमों का पालन किए यह ऑपरेशन किए जा रहे थे। इसी वजह से यह मामला बड़ा घोटाला बन गया। पुलिस पहले ही इस मामले में 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, और अब अली की गिरफ्तारी के साथ यह संख्या 11 हो गई है।


कई राज्यों में तलाश के बाद भी नहीं मिला था सुराग

पुलिस टीम पिछले कई दिनों से आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। नोएडा, गाजियाबाद, उत्तराखंड समेत कई जगहों पर दबिश दी गई, लेकिन हर बार वह पुलिस को चकमा देने में कामयाब रहा। लगातार फरारी के बाद अचानक कोर्ट में सरेंडर करना पुलिस के लिए भी चौंकाने वाला रहा। अब पुलिस उससे पूछताछ कर पूरे नेटवर्क और इस कांड से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने की तैयारी कर रही है।


आगे की जांच में खुल सकते हैं बड़े राज

मुदस्सर अली के जेल जाने के बाद अब इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना है। पुलिस यह जानने की कोशिश करेगी कि इस अवैध किडनी ट्रांसप्लांट रैकेट में और कौन-कौन लोग शामिल थे और यह नेटवर्क कितने बड़े स्तर पर काम कर रहा था। अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और पूरी सख्ती के साथ कार्रवाई की जाएगी।

advertisement image