Curated By:
shivup |
Hindi Now Uttar Pradesh • 20 Mar 2026, 12:33 pm
लखनऊ के बंथरा क्षेत्र में शुक्रवार को एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक ही परिवार के तीन लोगों ने जहर खा लिया। इस घटना में मां और बेटे की मौत हो गई, जबकि पिता की हालत गंभीर बनी हुई है। तीनों के मुंह से झाग निकल रहा था, जिससे आसपास के लोग भी सहम गए। मृतकों की पहचान तारावती (52) और उनके बेटे संदीप (30) के रूप में हुई है, जबकि पिता रूपनारायण (55) को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, परिवार आर्थिक तंगी और कर्ज के दबाव में था, जिससे परेशान होकर यह कदम उठाया गया।
सुसाइड नोट मिला, छोटे बेटे ने दी पुलिस को सूचना
घटना का खुलासा तब हुआ जब परिवार के छोटे बेटे कुलदीप ने अपने पिता को उल्टी करते देखा। उसने तुरंत घर के अंदर जाकर देखा तो मां और बड़ा भाई बेसुध पड़े थे और उनके मुंह से झाग निकल रहा था। घबराकर उसने तुरंत डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मां और बेटे को मृत घोषित कर दिया। वहीं, संदीप की जेब से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ, जिसमें लिखा था कि “अपनी मौत के जिम्मेदार हम खुद हैं।”
होटल कारोबार और कर्ज का दबाव बना वजह
बताया जा रहा है कि यह परिवार छोटे स्तर पर होटल का काम करता था। रूपनारायण गांव के बाहर चाय-समोसे का होटल चलाते थे, लेकिन पिछले कुछ समय से कारोबार ठीक नहीं चल रहा था। परिवार पर बैंक का कर्ज भी था, जिसे चुकाने में उन्हें दिक्कत हो रही थी। स्थानीय लोगों के मुताबिक, रूपनारायण पिछले कई दिनों से काफी परेशान और गुमसुम रहते थे। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि किन परिस्थितियों में परिवार ने इतना बड़ा कदम उठाया।
पुलिस जांच जारी, गांव में पसरा मातम
घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हर पहलू से जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि सुसाइड नोट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, इस दर्दनाक घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है और गांव में मातम पसरा हुआ है।
यह भी पढ़ें- लखनऊ में मिली लड़की की न्यूड डेड बॉडी, मौसा के साथ घर से निकली, फोन कर बताया- जल्दी आओ, किडनैप हो गई, पूरा मामला जान दंग रह जाएंगे आप