दो महीन में दूसरी बार आत्महत्या करने पहुंची महिला, लोकभवन के बाहर पुलिस ने पकड़ा, जमीन विवाद का है मामला

Curated By: shivup | Hindi Now Uttar Pradesh • 07 Apr 2026, 03:00 pm
news-banner

लखनऊ में लोकभवन गेट पर महिला ने आत्मदाह का प्रयास किया, पुलिस ने समय रहते उसे पकड़ लिया, जिससे उसकी जान बच गई। बताया जा रहा है कि महिला जमीन विवाद से परेशान थी। इसी वजह उसने यह कदम उठाने की कोशिश की।

लखनऊ में मंगलवार दोपहर लोकभवन के गेट पर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला ने अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आत्मदाह करने की कोशिश की। मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों और आत्मदाह निरोधक दस्ते ने तत्परता दिखाते हुए महिला को आग लगाने से पहले ही काबू में कर लिया। महिला की पहचान संध्या सिंह के रूप में हुई है, जो मानकनगर के न्यू श्रीनगर की निवासी हैं। बताया जा रहा है कि वह लंबे समय से जमीन विवाद से परेशान थीं और कई बार अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद समाधान न मिलने से हताश होकर यह कदम उठाने पहुंच गई थीं। महिला दो महीने में दो बार सुसाइड की कोशिश कर चुकी है। फिलहाल महिला को थाने ले जाकर पूछताछ की जा रही है।


जमीन विवाद से परेशान होकर उठाया कदम

संध्या सिंह का कहना है कि उनके मकान से जुड़ी करीब 2 बिस्वा जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। पैमाइश कराए जाने के बावजूद घनी आबादी के कारण जमीन को स्पष्ट रूप से चिन्हित नहीं किया जा सका। आरोप है कि पड़ोसी ने उनके हिस्से की जमीन पर कब्जा कर लिया है और विरोध करने पर गाली-गलौज के साथ जान से मारने की धमकी भी दी जाती है। इस वजह से उनका परिवार लगातार भय के माहौल में जी रहा है।


अधिकारियों के चक्कर लगाने के बाद भी नहीं मिला समाधान

पीड़िता ने बताया कि उन्होंने कई बार प्रशासनिक अधिकारियों को प्रार्थना पत्र दिया और मुख्यमंत्री जनसुनवाई तक गुहार लगाई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। हर बार मामले को सिविल विवाद बताकर टाल दिया गया। लगातार प्रयासों के बावजूद न्याय न मिलने से परेशान होकर उन्होंने आत्मदाह का कदम उठाने की कोशिश की।


पुलिस की सतर्कता से टला बड़ा हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, महिला अचानक लोकभवन गेट पर पहुंची और अपने ऊपर पेट्रोल डाल लिया। इससे पहले कि वह आग लगा पाती, ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत उसे पकड़ लिया और सुरक्षित स्थान पर ले गए। इस त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और महिला की शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

advertisement image