'दंगाइयों पर इतनी लाठियां बरसेंगी कि उनकी सात पुश्तें दंगा करना भूल जाएंगी'

Curated By: editor1 | Hindi Now Uttar Pradesh • 03 Oct 2025, 02:36 pm
news-banner
उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री मयंकेश्वर सिंह ने बरेली में दंगे को लेकर नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने दंगाइयों को सख्त चेतावनी दी है। आइये मंत्री का पूरा बयान जानते हैं।

उत्तर प्रदेश के स्वास्थ्य राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने बरेली में हाल ही में हुए दंगे पर कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने अपने अमेठी दौरे के दौरान साफ शब्दों में कहा कि अपराध और अराजकता फैलाने वालों पर सरकार किसी तरह की नरमी नहीं दिखाएगी। मंत्री ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि दंगों में शामिल हर गुनाहगार पर इतनी लाठियां बरसेंगी कि आने वाली सात पुश्तें भी दंगा करना भूल जाएंगी। उन्होंने यह भी कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों किसी भी हाल में बख्सा नहीं जाएगा। 


अमेठी में विकास कार्यों पर चर्चा करते हुए मंत्री ने कहा कि सरकार एक ओर कानून व्यवस्था को मजबूत बना रही है, वहीं दूसरी ओर विकास और सामाजिक कार्यक्रमों को भी गति दे रही है। उन्होंने सभी विभागों को मिलकर काम करने और विकास की योजनाओं को तेज गति से लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समय-समय पर विभागीय कार्यों की समीक्षा होती रहती है। कार्यों में आने वाली बाधाओं को दूर किया जाता है। प्रदेश का विकास सरकार की प्राथमिकता है। इसको लगातार ध्यान में रखा जा रहा है।


शुक्रवार को गौरीगंज स्थित पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में भाजपा जिला कोर कमेटी की बैठक आयोजित हुई। इस बैठक में प्रदेश सरकार के स्वास्थ्य राज्यमंत्री और तिलोई विधायक मयंकेश्वर शरण सिंह के साथ अमेठी प्रभारी मंत्री सतीश चंद्र शर्मा, खाद्य एवं रसद राज्यमंत्री, भाजपा और संघ के पदाधिकारी तथा जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में जिले में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की गई और नई योजनाओं की रूपरेखा पर भी चर्चा हुई।


इसके साथ ही संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर होने वाले विशेष कार्यक्रमों की तैयारियों पर भी विचार-विमर्श किया गया। अधिकारियों और पदाधिकारियों ने कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए रणनीतियां साझा कीं और आवश्यक व्यवस्थाओं की रूपरेखा तय की। मंत्री ने कहा कि अमेठी जिले में विकास की गति तेज करने के लिए केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ सीधे जनता तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। साथ ही उन्होंने जनता से अपील की कि वह अफवाहों और भड़काऊ गतिविधियों से दूर रहें और शांति बनाए रखें।


यह भी पढ़ें- 'यूपी के हर गांव के बाहर लगें बोर्ड, यहां मुसलमानों का प्रवेश वर्जित है'

advertisement image