यूपी में बड़ा हादसा, 11 की मौत से मचा मातम, इनमें 9 जिंदा जले, पूरा हादसा जान हिल जाएंगे आप

Curated By: shivup | Hindi Now Uttar Pradesh • 23 Apr 2026, 11:20 am
news-banner

मिर्जापुर में भीषण सड़क हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई। ट्रक की टक्कर के बाद बोलेरो में आग लगने से 9 लोग जिंदा जल गए। परिवार मुंडन कर लौट रहा था। घटना के बाद गांव में मातम और दहशत का माहौल है।

उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में बुधवार रात एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। मिर्जापुर-रीवा नेशनल हाईवे पर रात करीब 9:30 बजे एक तेज रफ्तार ट्रक का ब्रेक फेल हो गया और उसने आगे चल रही बोलेरो और स्विफ्ट कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो उछलकर अलग जा गिरी और उसमें तुरंत आग लग गई। आग इतनी भयानक थी कि बोलेरो में सवार 9 लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला और उनकी जिंदा जलकर मौत हो गई। इस हादसे में स्विफ्ट कार के ड्राइवर और ट्रॉले के क्लीनर की भी जान चली गई। घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और चारों तरफ चीख-पुकार सुनाई देने लगी।


एक ही परिवार के 8 लोगों की मौत, मदद तक नहीं पहुंच सके लोग

पुलिस के मुताबिक, ट्रक के ब्रेक फेल होने के बाद वह अनियंत्रित होकर आगे चल रही गाड़ियों से जा टकराया। बोलेरो पहले ट्रॉले से टकराई और फिर उसमें आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही पलों में पूरी गाड़ी उसकी चपेट में आ गई। बोलेरो में सवार 9 लोगों में एक ही परिवार के 8 सदस्य और एक ड्राइवर शामिल था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के बाद लोग बचाने के लिए दौड़े, लेकिन आग इतनी तेज थी कि कोई पास तक नहीं जा सका। वहीं स्विफ्ट कार ट्रक और ट्रॉले के बीच फंस गई, जिससे चालक की मौके पर ही मौत हो गई। फायर ब्रिगेड और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू किया, लेकिन तब तक सब कुछ खत्म हो चुका था।


मुंडन कर लौट रहा था परिवार, गांव में पसरा मातम

जानकारी के अनुसार, बोलेरो सवार सभी लोग जिगना थाना क्षेत्र के नरैना गांव के रहने वाले थे और मैहर से 8 साल के बच्चे का मुंडन कराकर लौट रहे थे। इस हादसे में उस बच्चे और उसकी मां सहित परिवार के कई लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में मातम छा गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस हाईवे पर अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन इतना बड़ा हादसा पहली बार हुआ है। शव बुरी तरह जल जाने के कारण उनकी पहचान करना भी मुश्किल हो रहा है।


सड़क की खामियों पर उठे सवाल, जांच शुरू

इस दर्दनाक घटना के बाद सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर खतरनाक मोड़ और सही संकेतक नहीं हैं, जिससे आए दिन हादसे होते रहते हैं। प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। प्रशासन का कहना है कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कदम उठाए जाएंगे।


यह भी पढ़ें- राजस्थान में 13 साल से बन रही रिफाइनरी में उद्घाटन से पहले लगी आग, पीएम मोदी का दौरा रद्द, जांच के आदेश

advertisement image