Curated By:
editor1 |
Hindi Now Uttar Pradesh • 02 Aug 2025, 05:38 pm
बेंगलुरु की स्पेशल कोर्ट ने शनिवार को पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा के पोते और पूर्व जेडीएस सांसद प्रज्वल रेवन्ना को नौकरानी से बलात्कार के मामले में दोषी पाते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई है। कोर्ट ने रेवन्ना पर 10 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया है और पीड़ित महिला को 7 लाख रुपये का मुआवजा देने का आदेश दिया। इससे पहले शुक्रवार को कोर्ट ने उन्हें दोषी करार दिया था। सजा सुनाए जाने से पहले रेवन्ना ने अदालत से नरमी बरतने की अपील की थी और खुद को निर्दोष बताया था।
रेवन्ना के खिलाफ यह मामला उसके फार्महाउस में काम करने वाली 47 वर्षीय महिला ने अप्रैल 2023 में दर्ज कराया था। उसने आरोप लगाया था कि रेवन्ना ने उसके साथ कई बार बलात्कार किया और मुंह खोलने पर अश्लील वीडियो लीक करने की धमकी देता था। महिला ने दावा किया था कि यह सिलसिला 2021 से चल रहा था। कोर्ट में 18 जुलाई को इस मामले की सुनवाई पूरी हुई थी, और इसके बाद अदालत ने उन्हें रेप, आपराधिक धमकी और अश्लील वीडियो लीक करने जैसी धाराओं में दोषी माना।
दो हजार महिलाओं के साथ अश्लील वीडियो हुए थे वायरल
यह मामला प्रज्वल के खिलाफ दर्ज चार यौन शोषण मामलों में से पहला है, जिसमें उन्हें दोषी करार दिया गया है। पिछले साल कर्नाटक सेक्स स्कैंडल में प्रज्वल रेवन्ना का नाम सामने आने के बाद वे विवादों में घिर गया। उसके खिलाफ 50 से अधिक महिलाओं से यौन उत्पीड़न, रेप, छेड़छाड़, ब्लैकमेलिंग और धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगे। सोशल मीडिया पर उनके 2000 से ज्यादा अश्लील वीडियो वायरल हुए, जिसमें कई महिलाओं के चेहरे साफ दिखाई दे रहे थे।
22 से 61 साल की महिलाओं का यौन उत्पीड़न, 12 महिलाओं के साथ जबरन रेप
प्रज्वल ने 2024 के लोकसभा चुनाव में हासन सीट से दोबारा चुनाव लड़ा, लेकिन हार गया। इसके बाद जनता दल (सेक्युलर) ने उन्हें पार्टी से निलंबित कर दिया। कर्नाटक सेक्स स्कैंडल में बड़ा खुलासा तब हुआ जब 26 अप्रैल को बेंगलुरु में सार्वजनिक स्थानों पर कई पेन ड्राइव बरामद हुईं। दावा किया गया कि इनमें 3000 से 5000 वीडियो क्लिप थीं, जिनमें प्रज्वल को महिलाओं के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देखा गया। एसआईटी जांच में सामने आया कि प्रज्वल ने 22 से 61 साल की उम्र की महिलाओं के साथ यौन उत्पीड़न किया। इनमें से करीब 12 महिलाओं के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए गए। अन्य महिलाओं को सरकारी नौकरी या फायदे का लालच देकर यौन शोषण किया गया।
यह भी पढ़ें- 'भारत का इलेक्शन सिस्टम मर चुका है, आने वाले समय में साबित हो जाएगा कि कैसे चुनाव में धांधली होती है?'