माघ का महाकुंभ, प्रयागराज में भव्य तैयारियां, श्रद्धालुओं के लिए चलेंगी 3800 बसें

Curated By: Shiv Vishwakarma | Hindi Now Uttar Pradesh • 23 Dec 2025, 07:00 pm
news-banner

प्रयागराज में 3 जनवरी से शुरू हो रहे माघ मेले के लिए परिवहन निगम ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रदेशभर से 3800 बसें चलाई जाएंगी। मकर संक्रांति, मौनी अमावस्या और बसंत पंचमी पर 200 अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की गई है।

महाकुंभ की तर्ज पर प्रयागराज में तीन जनवरी से शुरू हो रहे माघ मेले की भव्य तैयारियां की जा रही हैं। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए उत्तर प्रदेश परिवहन निगम ने अपने स्तर पर व्यापक इंतजाम पूरे कर लिए हैं। इस बार माघ मेले के दौरान प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों से कुल 3800 बसों का संचालन किया जाएगा, ताकि संगम नगरी तक पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने बताया कि मेले के प्रमुख स्नान पर्वों को देखते हुए अतिरिक्त बसें भी रिजर्व रखी जा रही हैं। उनका कहना है कि जरूरत पड़ने पर शाही स्नान के दौरान और बसें सड़कों पर उतारी जाएंगी, ताकि भीड़ को आसानी से संभाला जा सके।


शाही स्नान पर्वों पर विशेष व्यवस्था
परिवहन मंत्री ने जानकारी दी कि पिछले साल इसी स्थान पर आयोजित महाकुंभ में करीब 67 करोड़ श्रद्धालुओं ने स्नान किया था। इस अनुभव को ध्यान में रखते हुए माघ मेले में भी व्यापक प्रबंध किए गए हैं। 15 जनवरी को मकर संक्रांति, 18 जनवरी को मौनी अमावस्या और 23 जनवरी को बसंत पंचमी के दिन शाही स्नान होगा। इन प्रमुख तिथियों पर 200 अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। मेला अधिकारी की मांग पर संबंधित क्षेत्रों से बसें उपलब्ध कराई जाएंगी। माघ मेले की पूरी अवधि एक जनवरी से 15 फरवरी 2026 तक रहेगी। सामान्य दिनों में 25 बसें और प्रमुख पर्वों पर दो दिन पहले से एक दिन बाद तक 200 शटल बसें रिजर्व रहेंगी।


इन क्षेत्रों से चलेंगी सबसे ज्यादा बसें
परिवहन निगम के अधिकारियों के अनुसार लखनऊ और गोरखपुर क्षेत्र से 500-500 बसें माघ मेले के लिए चलाई जाएंगी। आजमगढ़ और वाराणसी क्षेत्र से 430-430 बसें, प्रयागराज क्षेत्र से 550 बसें, अयोध्या क्षेत्र से 270 बसें और चित्रकूट धाम से 330 बसों का संचालन किया जाएगा। इसके अलावा हरदोई से 350, देवीपाटन से 250, कानपुर से 270 और झांसी क्षेत्र से 50 बसें चलाई जाएंगी। यात्रियों की सुविधा के लिए माघ मेला क्षेत्र में इस बार दो अस्थायी बस स्टेशन बनाए जा रहे हैं, जहां सूचना बोर्ड और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।


यह भी पढ़ें- यूपी विधानसभा में ये जरूरी विधेयक पास, घरौनी से जुड़ा है मामला, जानकर खुश हो जाएंगे आप!

advertisement image