शाहजहांपुर में तेज रफ्तार बोलेरो का कहर, रॉन्ग साइड से आ रही बाइक को मारी टक्कर, पति-पत्नि, 2 बच्चों की मौत

Curated By: shivup | Hindi Now Uttar Pradesh • 30 Apr 2026, 04:31 pm
news-banner

शाहजहांपुर में बोलेरो और बाइक की टक्कर में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। हादसे में पति-पत्नी और दो बच्चों ने जान गंवाई, जबकि एक बेटी बच गई। चालक फरार है, पुलिस जांच में जुटी है।

यूपी के शाहजहांपुर में गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। हाईवे पर तेज रफ्तार बोलेरो और बाइक की आमने-सामने टक्कर में पति-पत्नी और उनके दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। हादसा सुबह करीब 11 बजे डीपीएस स्कूल के पास फ्लाईओवर पर हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक सवार परिवार शॉर्टकट लेने के चक्कर में रॉन्ग साइड से ओवरब्रिज पर चढ़ गया था, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह टूट गई और बोलेरो का अगला हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया।


रॉन्ग साइड और तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह

बताया जा रहा है कि बोलेरो की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटे से ज्यादा थी, जिसके कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया। टक्कर के बाद 10 साल की बच्ची और 4 साल का बेटा दूर जा गिरे और गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पति-पत्नी बोलेरो के नीचे फंसकर कुछ मीटर तक घिसटते रहे। राहगीरों के मुताबिक हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और लोग मदद के लिए दौड़ पड़े।


शादी से लौट रहा था परिवार, एक बेटी ही बची

मृतकों की पहचान अरुण धोबी (35), उनकी पत्नी सीमा (30), बेटे नैतिक (4) और बेटी दीक्षा (10) के रूप में हुई है। परिवार एक शादी समारोह से लौट रहा था। उनकी 12 साल की बेटी प्रियांशी घर पर दादा-दादी के पास रह गई थी, जिससे वह इस हादसे से बच गई। हादसे के बाद परिवार में वही अकेली बची है और उसका रो-रोकर बुरा हाल है। इस घटना ने पूरे गांव में शोक की लहर फैला दी है।


ड्राइवर फरार, पुलिस जांच में जुटी

हादसे के बाद बोलेरो चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने सभी को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने मृतकों के परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग भी की है, ताकि जीवित बची बच्ची का भविष्य सुरक्षित हो सके।


यह भी पढ़ें- एमपी के धार में बड़ा हादसा, 12 से अधिक लोगों की मौत, 30 से ज्यादा घायल पीएम मोदी और सीएम मोहन ने किया मुआवजे का एलान

advertisement image