Curated By:
editor1 |
Hindi Now Uttar Pradesh • 07 Sep 2025, 11:52 am
हाथरस जिले के सिकंदराराऊ क्षेत्र के मऊ चिरायल गांव में छह वर्षीय अनव्या उर्फ उर्वी की हत्या के मामले में पुलिस ने एक महिला और उसके नाबालिग प्रेमी को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि बच्ची ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। राज खुलने के डर से महिला ने अपने नाबालिग प्रेमी के साथ मिलकर मासूम की गला दबाकर हत्या कर दी।
अपर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार ने बताया कि 35 वर्षीय महिला पिछले तीन महीने से गांव के ही 17 वर्षीय किशोर के साथ प्रेम संबंध में थी। तीन सितंबर को जब महिला का पति और सास मथुरा गए हुए थे और ससुर बाहर घूमने निकले थे, तब उसने प्रेमी को घर बुला लिया। इस दौरान अनव्या ने उन्हें नग्न अवस्था में देख लिया। महिला ने बच्ची को डांटा तो उसने अपने पापा को सबकुछ बताने की बात कही। डरकर महिला ने बच्ची को दबोच लिया और अंगोछे से उसका गला दबा दिया।
हत्या के बाद शव बोरे में भरकर पास के एक कुएं में फेंका
हत्या के बाद बच्ची का शव धान के बोरे में डालकर घर से करीब 25 मीटर दूर कुएं में फेंक दिया। खुद को बचाने की कोशिश में अनव्या ने महिला के हाथ पर जोर से काटा था, जिसके निशान अब भी मौजूद हैं। पुलिस ने इन्हें महत्वपूर्ण सबूत माना है।
परिजनों ने अपने ही घर के एक सदस्य के खिलाफ दी थी तहरीर
बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह बच्ची अचानक लापता हो गई थी। परिजनों ने खोजबीन शुरू की, लेकिन वह नहीं मिली। दोपहर को कुएं में बोरी में बंद शव मिलने पर कोहराम मच गया। मृतका के पिता श्रीकृष्ण ने पहले अपने बड़े भाई की पत्नी पर शक जताते हुए तहरीर दी थी, लेकिन जांच में वह निर्दोष पाई गईं। पुलिस ने तफ्तीश आगे बढ़ाई तो पूरा सच सामने आ गया।
चार बेटियों के बाद हुआ बेटा, खुसी में धार्मिक आयोजन, छोटी बेटी गायब
श्रीकृष्ण की चार बेटियां अर्चना (12), मनु (10), नंदिनी (9) और अनव्या (6) थीं। चार बेटियों के बाद हाल ही में बेटे तासिप का जन्म हुआ था, जिसकी खुशी में मंगलवार रात परिवार ने धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया था। उसी खुशहाल माहौल के अगले दिन मासूम की हत्या हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही एसपी चिरंजीवनाथ सिन्हा, एएसपी अशोक कुमार और सीओ जैनेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक और एसओजी टीम ने साक्ष्य जुटाए। फिलहाल दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें- अस्पताल के बाथरूम में युवती को पकड़ लिया, फिर गंदा काम करने की कोशिश, मामला जान दंग रह जाएंगे आप!