Curated By:
            editor1 |
            Hindi Now Uttar Pradesh • 31 Oct 2025, 01:55 pm
        
 
        
        
     
    
    
        सपा मुखिया अखिलेश यादव गुरुवार को गाजीपुर पहुंचे। उनके साथ चाचा शिवपाल यादव और सपा सांसद अफजाल अंसारी भी मौजूद रहे। अखिलेश ने मंच से बिहार चुनाव को लेकर बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन की जीत तय है और तेजस्वी यादव अगले मुख्यमंत्री बनेंगे। उन्होंने नीतीश कुमार पर तंज कसते हुए कहा कि चाचा सिर्फ चुनावी दूल्हा हैं। चुनाव जीतने के बाद भाजपा उन्हें मुख्यमंत्री नहीं बनने देगी। जैसे महाराष्ट्र में किया, वैसे ही बिहार में भी होगा। अखिलेश यादव ने यह भी कहा कि समाजवादी पार्टी पूरी ताकत के साथ इंडिया गठबंधन के साथ खड़ी है और बिहार की जनता अब धोखे की राजनीति नहीं सहने वाली। उन्होंने कहा कि तेजस्वी में नई ऊर्जा है, युवा सोच है और बिहार अब बदलाव चाहता है।
शिवपाल को स्टार प्रचारक न बनाने पर बोले- कहां से लाएं इतने हेलीकॉप्टर
चाचा शिवपाल यादव को बिहार चुनाव में स्टार प्रचारक नहीं बनाए जाने के सवाल पर अखिलेश ने मजाकिया लहजे में जवाब दिया और कहा कि हमारे पास सीमित संसाधन हैं, उनके लिए अलग से हेलिकॉप्टर कहां से लाते? अब आप लोग चंदा भी तो नहीं दे रहे हैं। उनकी यह बात सुनकर मंच पर मौजूद कार्यकर्ता हंस पड़े। गाजीपुर पहुंचने के बाद अखिलेश यादव सैदपुर के रामपुर मांझा में सपा विधायक अंकित भारती की शादी के रिसेप्शन में भी शामिल हुए। अंकित ने 16 अक्टूबर को नैनीताल में MBA छात्रा अंबिका मित्तल से शादी की थी। अखिलेश और शिवपाल दोनों ने नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद दिया और उज्जवल भविष्य की कामना की।
भगवा कपड़े पहनने से कोई योगी नहीं बन जाता, मोह-माया से दूर रहना चाहिए
प्रदेश की राजनीति पर बोलते हुए अखिलेश यादव ने सीएम योगी आदित्यनाथ पर भी तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि केवल भगवा कपड़े पहनने से कोई योगी नहीं बन जाता। योगी को मोह-माया से दूर रहना चाहिए। उनकी फिल्म भी फ्लॉप हो गई है। अब सुना है कि अमेरिका में दिखाई जाएगी। अखिलेश यादव ने पूर्व विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह के दो के बदले दस मुस्लिम लड़कियां वाले बयान को शर्मनाक और समाज को तोड़ने वाला बताया। 
भाजपा अब SIR में घोटाला करने की साजिश कर रही, ट्रंप ने मोदी को किलर कहा
चुनाव आयोग और भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा अब SIR में घोटाला करने की साजिश कर रही है। बीएलओ की लिस्ट निकालकर देखिए, एक भी PDA का व्यक्ति नहीं मिलेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा PDA  (पिछड़ा-दलित-अल्पसंख्यक) से घबराई हुई है और साजिशें रच रही है, लेकिन जनता अब सब समझ चुकी है। अंत में अखिलेश ने अंतरराष्ट्रीय मुद्दे पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति ने पीएम मोदी को ‘किलर’ कहा और भारत पर टैरिफ बढ़ा दिया। बनारस को क्योटो बनाने की बात हुई थी, लेकिन हुआ क्या? सिर्फ जुमले और प्रचार बचे हैं।
यह भी पढ़ें- कार्यक्रम में मंत्री पहुंचे लेट, सीएम योगी ने घड़ी देखकर ली चुटकी, इशारों में पूछी ऐसी बात, शरमा गए नेता जी