Curated By:
editor1 |
Hindi Now Uttar Pradesh • 11 Oct 2025, 07:13 pm
मेरठ के अजराड़ा गांव में शुक्रवार रात एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। गांव के श्मशान घाट पर तीन लोगों को तंत्र क्रिया करते और जलती चिता से अधजले शव के अंग निकालते देखा गया। शव की खोपड़ी अलग रखी थी और पास ही मिट्टी के बर्तन में चावल पक रहे थे। यह देखकर ग्रामीण भड़क गए और तीनों की जमकर पिटाई कर दी। इस दौरान एक आरोपी भाग निकला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, भीड़ को शांत कराया और दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
श्मशान घाट गांव से करीब दो किलोमीटर दूर स्थित है। शुक्रवार को गांव के ही गजेंद्र (32) का अंतिम संस्कार किया गया था। गजेंद्र की हत्या गुरुवार को हुई थी। रात करीब 8 बजे उनका अंतिम संस्कार हुआ था। कुछ घंटे बाद नलकूप चलाने पहुंचे ग्रामीणों ने चिता के पास संदिग्ध गतिविधियां देखीं। उन्होंने देखा कि तीन लोग शव के अंग निकाल रहे थे और आग पर चावल पका रहे थे।
आरोपियों ने पहले भी निकाले हैं कब्रिस्तान से शव
गांव वालों का कहना है कि यही लोग पहले भी कब्रिस्तान से शव निकालते रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि हाल ही में कई बच्चों की कब्रें खुदी मिली थीं और शव गायब थे, जिसे पहले जानवरों का काम समझा गया था। अब शक है कि इन कब्रों को भी तांत्रिक क्रिया के लिए खोदा गया होगा। प्रत्यक्षदर्शी ग्रामीणों ने बताया कि पकड़े गए लोगों में तांत्रिक बलबीर और उसका साथी इमरान शामिल हैं। बताया जा रहा है कि बलबीर लंबे समय से तंत्र साधना करता है और उसके पास बाहरी लोग भी आते रहते हैं। ग्रामीण पप्पू के मुताबिक तंत्र क्रिया के लिए चिता की आग में चावल पकाए जाते हैं और इसे खाने से सिद्धि प्राप्त होने का दावा किया जाता है।
पुलिस ने दो को भेजा जेल, एक की तलाश जारी
मृतक गजेंद्र के भाई सुंदर ने बलबीर और दो अन्य के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। थाना प्रभारी राम गोपाल सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है। वहीं एसपी देहात अभिजीत कुमार ने पुष्टि की कि शव से छेड़छाड़ की गई थी। पुलिस ने बलबीर और इमरान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।
यह भी पढ़ें- 'चंद्रशेखर कहता था- तुम्हारे बिना जिंदा नहीं रहूंगा, मर जाउंगा, सासंद बनते ही पलटा', डॉ. रोहिणी का बड़ा खुलासा!