Curated By:
Shiv Vishwakarma |
Hindi Now Uttar Pradesh • 13 Nov 2025, 11:32 am
बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की सनातन एकता पदयात्रा गुरुवार को सातवें दिन मथुरा पहुंची। यह पदयात्रा दिल्ली और हरियाणा से होते हुए अब ब्रजभूमि में प्रवेश कर चुकी है। मथुरा में 55 किलोमीटर की दूरी चार दिनों में तय की जाएगी। यात्रा के दौरान भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है, जो ढोल-नगाड़ों और जयकारों के साथ इस अभियान में शामिल हो रही है। बुधवार रात रात्रि-विश्राम के दौरान धीरेंद्र शास्त्री के मंच पर कवि कुमार विश्वास पहुंचे। उन्होंने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि यह नया भारत है, जो अब आतंकवाद से डरता नहीं, बल्कि जवाब देना जानता है। दिल्ली की घटना ने देश को चुनौती दी है, लेकिन भारत अब घर में घुसकर मारना सीख गया है। कुमार विश्वास ने आगे कहा कि अगर कोई आतंकियों का एजेंट इस भीड़ में मौजूद है, तो कान खोलकर सुन ले, अगर इस तरह की नीचता की हरकत की गई तो एक युवा संत के पीछे करोड़ों भारतीय खड़े होंगे।
गुरुवार शाम हरियाणा के पलवल में यात्रा के दौरान धीरेंद्र शास्त्री की तबीयत अचानक बिगड़ गई। तेज थकान और लगातार यात्रा के कारण उन्हें बुखार आ गया। इस दौरान डॉक्टर को मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने उन्हें दो दिन आराम की सलाह दी, लेकिन शास्त्री ने सलाह मानने के बजाय दवा लेकर कुछ देर विश्राम किया और फिर पुनः यात्रा जारी रखी। उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल एक धार्मिक अभियान नहीं, बल्कि सनातन एकता और राष्ट्र की अखंडता का प्रतीक है।
दिल्ली ब्लास्ट के बाद धीरेंद्र शास्त्री की बढ़ाई गई सुरक्षा
दिल्ली ब्लास्ट के बाद धीरेंद्र शास्त्री की सुरक्षा और बढ़ा दी गई है। पहले से मौजूद तीन पुलिस कंपनियों के साथ अब दो अतिरिक्त कंपनियां तैनात की गई हैं। पदयात्रा में करीब एक लाख श्रद्धालु उनके साथ चल रहे हैं। सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं ताकि यात्रा शांति से पूरी हो सके। यात्रा में प्रेमानंद महाराज के भक्त रामखिलावन अपने परिवार और छोटे बच्चों के साथ शामिल हैं। वे 7 नवंबर से दिल्ली से ही यात्रा कर रहे हैं और गाजियाबाद के रहने वाले हैं। भक्तों में इस पदयात्रा को लेकर गहरी आस्था और जोश देखने को मिल रहा है।
चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात, संवेदनशील स्थानों की निगरानी
एएसपी अनुज चौधरी ने बताया कि मथुरा प्रवेश के साथ ही पुलिस ने सुरक्षा का जिम्मा संभाल लिया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की घटना के बाद से सुरक्षा सतर्कता बढ़ा दी गई है और सभी संवेदनशील स्थानों पर निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि किसी को घबराने की जरूरत नहीं, यात्रा पूरी तरह सुरक्षित और सकुशल निकलेगी।
यह भी पढ़ें- वाराणसी में देव दीपावली पर थी खतरनाक साजिश, पुलिस के सख्त पहरे ने बचाया, जानें पूरा मामला