Curated By:
Shiv Vishwakarma |
Hindi Now Uttar Pradesh • 26 Dec 2025, 11:45 am
यूपी के वाराणसी में गुरुवार शाम दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। थाना क्षेत्र के रसूलपुर दयालपुर बगीचे के पास बाइक सवार बदमाशों ने 14 वर्षीय समीर सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी। इस फायरिंग में रामू यादव (35) और अभिषेक यादव भी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना शाम करीब 6 बजे की है, जब इलाके में अचानक गोलियों की आवाज से अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। डीसीपी गोमती जोन ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। दोनों घायलों को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन विशेष टीमें गठित की हैं और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
विवाद सुलझाने पहुंचा था समीर, चली गोली
रसूलपुर गांव निवासी बनारसी सिंह का बेटा समीर सिंह चारा काटने वाली मशीन का उपकरण मरम्मत कराकर घर लौट रहा था। उसी दौरान दयालपुर स्थित बगीचे के पास इंदरपुर गांव निवासी रामू यादव अपने दोस्त अभिषेक यादव और कुछ अन्य युवकों के साथ खड़े होकर बातचीत कर रहे थे। तभी बाइक से दो युवक वहां पहुंचे और रामू यादव से विवाद करने लगे। विवाद बढ़ता देख समीर बीच-बचाव के लिए आगे आ गया। इसी दौरान बाइक पर पीछे बैठे युवक ने अचानक असलहा निकाल लिया और फायरिंग शुरू कर दी। चार राउंड फायरिंग हुई, जिसमें समीर के सीने में गोली लग गई। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ा। रामू यादव के कमर में गोली लगी, जबकि अभिषेक यादव के पेट को छूते हुए गोली निकल गई।
बाइक लूट की आशंका, हमलावर फरार
स्थानीय लोगों के मुताबिक बदमाश रामू यादव की बाइक लूटने की कोशिश कर रहे थे। विरोध करने पर उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। समीर ने विवाद शांत कराने की कोशिश की, लेकिन उसी में उसकी जान चली गई। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग दहशत में आ गए। कुछ ग्रामीणों ने हमलावरों को पकड़ने की कोशिश भी की, लेकिन बदमाश हवा में असलहा लहराते हुए मौके से फरार हो गए। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायलों को पास के निजी अस्पताल पहुंचाया गया। समीर की हालत गंभीर होने पर उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इकलौता बेटा खोने से परिवार में कोहराम
समीर सिंह कक्षा 10 का छात्र था और अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। पिता बनारसी सिंह कृषि कार्य के साथ-साथ सुरक्षा गार्ड की नौकरी करते हैं। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है।डीसीपी गोमती आकाश पटेल ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला अचानक हुए विवाद और फायरिंग का लग रहा है। सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है और कुछ संदिग्धों से पूछताछ भी की जा रही है।
यह भी पढ़ें- लव स्टोरी का द एंड, ट्रेन से कटकर गर्लफ्रेंड ने दी जान, 100 दूर पेड़ पर लटका बॉयफ्रेंड, पूरा मामला जान दंग रह जाएंगे आप