Curated By:
shivup |
Hindi Now Uttar Pradesh • 10 Mar 2026, 11:55 am
भारतीय क्रिकेटर कुलदीप यादव 14 मार्च को मसूरी में अपनी बचपन की दोस्त वंशिका से शादी करेंगे। 13 मार्च से शादी की रस्में शुरू होंगी और 17 मार्च को लखनऊ में ग्रैंड रिसेप्शन आयोजित होगा, जिसमें क्रिकेट, फिल्म और राजनीति जगत की कई हस्तियां शामिल हो सकती हैं।
भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव जल्द ही शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। कुलदीप अपनी बचपन की दोस्त वंशिका के साथ 14 मार्च को उत्तराखंड के मसूरी में सात फेरे लेंगे। शादी के बाद 17 मार्च को लखनऊ के होटल सेंट्रम में भव्य रिसेप्शन पार्टी आयोजित की जाएगी। इस समारोह में क्रिकेट, फिल्म और राजनीति जगत की कई नामचीन हस्तियों के शामिल होने की संभावना है। इस बीच सोमवार को कुलदीप के पिता राम सिंह यादव ने Yogi Adityanath से लखनऊ में मुलाकात कर उन्हें बेटे की शादी का निमंत्रण दिया। बता दें कि कुलदीप और वंशिका ने 4 जून 2025 को लखनऊ में सगाई की थी, जिसमें कई करीबी दोस्त और क्रिकेट जगत के लोग शामिल हुए थे।
13 मार्च से शुरू होंगी शादी की रस्में
शादी की रस्में 13 मार्च से शुरू होंगी। इस दिन हल्दी और मेहंदी का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके बाद 14 मार्च को मसूरी में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह संपन्न होगा। शादी के तीन दिन बाद यानी 17 मार्च को लखनऊ के होटल सेंट्रम में ग्रैंड रिसेप्शन पार्टी होगी। इस समारोह में क्रिकेट जगत के कई बड़े खिलाड़ी, बॉलीवुड की हस्तियां और उत्तर प्रदेश के कई प्रमुख नेता शामिल हो सकते हैं। बताया जा रहा है कि पहले यह शादी नवंबर 2025 में तय की गई थी, लेकिन भारतीय टीम के व्यस्त अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम और टूर्नामेंट की तैयारियों के कारण इसकी तारीख आगे बढ़ा दी गई थी।
बचपन की दोस्ती प्यार में बदली
कुलदीप की होने वाली पत्नी वंशिका कानपुर के श्याम नगर की रहने वाली हैं। उनके पिता योगेंद्र सिंह चड्ढा एलआईसी में कार्यरत हैं। वंशिका फिलहाल ऑस्ट्रेलिया में नौकरी करती हैं। दोनों परिवारों के घर भी एक-दूसरे के काफी करीब हैं। कुलदीप लखनऊ के लाल बंगले इलाके में रहते हैं और वंशिका का घर कानपुर के श्याम नगर में है। बताया जाता है कि दोनों बचपन से एक-दूसरे को जानते हैं और समय के साथ उनकी दोस्ती प्यार में बदल गई। कुलदीप यादव का जन्म 14 दिसंबर 1994 को उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में हुआ था। साधारण परिवार से आने वाले कुलदीप ने मेहनत और लगन के दम पर भारतीय क्रिकेट टीम में अपनी खास पहचान बनाई। उन्होंने तीनों फॉर्मेट को मिलाकर अब तक भारत के लिए 191 मैच खेले हैं और 365 विकेट अपने नाम किए हैं। उनकी फिरकी गेंदबाजी ने कई मुकाबलों में टीम इंडिया को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई है।
यह भी पढें- T20 वर्ल्ड कप में भारत की ऐतिहासिक जीत, फाइनल में 96 रनों से न्यूजीलैंड को हराया, तीसरी बार बना विश्व चैंपियन