Curated By:
shivup |
Hindi Now Uttar Pradesh • 10 Mar 2026, 12:51 pm
वाराणसी के चौबेपुर थाना क्षेत्र की एक युवती ने बुलंदशहर निवासी युवक पर शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने और बाद में मुकर जाने का आरोप लगाया है। युवती का कहना है कि उसकी मुलाकात मेट्रीमोनियल साइट के जरिए Pranav Thakur से हुई थी। युवक ने खुद को रक्षा मंत्रालय में अधिकारी बताया था।
पीड़िता के अनुसार बातचीत के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और युवक ने शादी का भरोसा देकर कई बार शारीरिक संबंध बनाए। बाद में जब युवती ने शादी की बात की तो उसने साफ इनकार कर दिया। युवती का आरोप है कि अब आरोपी निजी वीडियो वायरल करने की धमकी दे रहा है। फिलहाल पुलिस युवती की तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
मेट्रीमोनियल साइट से हुई थी पहचान
युवती ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसने अपनी शादी के लिए एक मेट्रीमोनियल वेबसाइट पर प्रोफाइल बनाई हुई थी। उसी के जरिए सितंबर 2025 में बुलंदशहर के चांदपुर निवासी प्रणव ठाकुर से उसकी पहचान हुई। युवक ने खुद को रक्षा मंत्रालय में अधिकारी बताते हुए बातचीत शुरू की। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और रिश्ता गहरा होता चला गया। युवती के मुताबिक इस दौरान दोनों के बीच भरोसा बना और शादी की बात भी होने लगी।
शादी का झांसा देकर कई बार बनाए संबंध
युवती का आरोप है कि सितंबर 2025 से जनवरी 2026 के बीच आरोपी कई बार वाराणसी आया। इस दौरान उसने शादी का वादा करते हुए कई बार शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता के मुताबिक सब कुछ सामान्य चल रहा था, लेकिन 25 जनवरी के बाद अचानक युवक का व्यवहार बदल गया। उसने फोन उठाना बंद कर दिया और बातचीत से बचने लगा। जब युवती ने शादी को लेकर दबाव बनाया तो उसने साफ मना कर दिया। युवती ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी अब उसे जान से मारने की धमकी दे रहा है और निजी वीडियो वायरल करने की बात कहकर दबाव बना रहा है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
पीड़िता ने चौबेपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उसने आरोप लगाया है कि युवक खुद को रक्षा मंत्रालय से जुड़ा बताकर धौंस भी देता है और कहता है कि उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवती की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई और संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- लखनऊ में रिटायर्ड अफसर के घर में मिली 14 साल की मेड की लाश, परिजनों ने काटा बवाल, रेप की कोशिश और हत्या का आरोप