Curated By:
shivup |
Hindi Now Uttar Pradesh • 10 Mar 2026, 12:30 pm
आगरा में दो सगी बहनों के धर्मांतरण मामले में बड़ा खुलासा सामने आया है। पुलिस ने संदिग्ध आतंकी Ayan Javed को झारखंड से आगरा लाकर पूछताछ की। कोर्ट से पुलिस कस्टडी रिमांड मिलने के बाद खुफिया एजेंसियों और पुलिस ने उससे करीब 7 घंटे तक पूछताछ की। पुलिस सूत्रों के मुताबिक पूछताछ के दौरान अयान जावेद ने कई चौंकाने वाली बातें बताईं। जांच एजेंसियों का दावा है कि वह भारतीय उपमहाद्वीप में अल-कायदा से जुड़ा हुआ है। पूछताछ के दौरान वह बिल्कुल भी घबराया नहीं और कई सवालों के जवाब घुमाता हुआ नजर आया। सुरक्षा एजेंसियां अब उसके नेटवर्क, संपर्कों और गतिविधियों को लेकर गहराई से जांच कर रही हैं।
पूछताछ में कही चौंकाने वाली बातें
पुलिस पूछताछ में अयान जावेद ने कहा कि उसे सजा का कोई डर नहीं है। उसका मकसद अपने मजहब के लिए लोगों को जोड़ना है। उसने दावा किया कि “गजवा-ए-हिंद” के लिए सिर्फ बारूद की जरूरत नहीं, बल्कि लोगों को मुसलमान बनाना भी जरूरी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार अयान जावेद तथाकथित “मुस्लिम ब्रदरहुड” विचारधारा से प्रभावित बताया जा रहा है। उसके मोबाइल फोन से “वन उम्मत, वन नेशन” नाम का एक ग्रुप भी मिला है, जिसमें भारत, पाकिस्तान समेत कई देशों के लोग जुड़े बताए जा रहे हैं। खुफिया एजेंसियों और ATS की टीमों ने उससे आतंकी नेटवर्क, ट्रेनिंग और संपर्कों को लेकर कई सवाल पूछे, लेकिन वह कई सवालों को टालता हुआ नजर आया। उसने यह भी कहा कि पुलिस खुद ही पता करे कि उसके किन लोगों से संबंध हैं।
धर्मांतरण गैंग की जांच में आया नाम
दरअसल आगरा के सदर इलाके में दो सगी बहनों समेत कई युवतियों को कथित धर्मांतरण गैंग के चंगुल से मुक्त कराया गया था। इस मामले में पुलिस ने देश के कई राज्यों में एक साथ कार्रवाई की थी और मुख्य आरोपी अब्दुल रहमान सहित कई लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। जांच के दौरान एक युवती के मोबाइल फोन से अयान जावेद का संपर्क सामने आया। पुलिस के अनुसार दोनों के बीच करीब 200 बार बातचीत हुई थी। इसके बाद पुलिस ने उसके बारे में जानकारी जुटाई और उसे बी-वारंट के जरिए झारखंड से आगरा लाया गया। बताया जा रहा है कि साल 2025 में झारखंड के रांची से ATS ने भी उसे संदिग्ध आतंकी गतिविधियों के आरोप में गिरफ्तार किया था। फिलहाल पुलिस उससे जुड़े नेटवर्क और अन्य ठिकानों के बारे में जानकारी जुटाने में लगी है।
दिल्ली में भी तलाश रही पुलिस सुराग
पूछताछ के दौरान अयान जावेद ने दिल्ली से जुड़े कुछ ठिकानों के बारे में भी जानकारी दी है। इसके बाद पुलिस उसे दिल्ली लेकर गई है, जहां शाहीन बाग समेत कई जगहों पर जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और उससे जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
यह भी पढ़ें- लखनऊ में काले कपड़ों में शिया समुदाय ने निकाला जुलूस, 19वीं रमजान का मनाया मातम, सड़कों पर नजर आए हजारों अकीदतमंद