Curated By:
shivup |
Hindi Now Uttar Pradesh • 04 May 2026, 10:54 am
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की मतगणना के बीच शुरुआती रुझानों ने राज्य की राजनीति में हलचल बढ़ा दी है। 293 सीटों पर जारी मतगणना में भाजपा को बहुमत मिलता दिखाई दे रहा है। शुरुआती आंकड़ों के अनुसार भाजपा 157 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि तृणमूल कांग्रेस 115 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। एक सीट फालता पर 21 मई को दोबारा मतदान होना है। सबसे ज्यादा चर्चा भवानीपुर और नंदीग्राम सीट को लेकर हो रही है। भवानीपुर सीट पर ममता बनर्जी शुरुआती रुझानों में पीछे चल रही हैं, जबकि नंदीग्राम से भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी बढ़त बनाए हुए हैं। मतगणना केंद्रों के बाहर समर्थकों की भारी भीड़ जुटी हुई है और पूरे राज्य में चुनावी माहौल गरमाया हुआ है।
नंदीग्राम और झाड़ग्राम में भाजपा मजबूत
नंदीग्राम सीट से भाजपा के सुवेंदु अधिकारी पहले राउंड के बाद करीब 3,100 वोटों से आगे बताए जा रहे हैं। पोस्टल बैलेट के बाद ईवीएम की गिनती में भी उन्होंने बढ़त कायम रखी है। वहीं झाड़ग्राम की चारों सीटों पर भाजपा आगे चल रही है। इनमें झाड़ग्राम, बिनपुर, गोपीबल्लभपुर और नयाग्राम सीट शामिल हैं। यह वही इलाका है जहां चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झालमुड़ी खाई थी। भाजपा इसे चुनावी माहौल में बड़ा संकेत मान रही है। पश्चिम बर्धमान की कई सीटों पर भी भाजपा उम्मीदवार मजबूत स्थिति में दिखाई दे रहे हैं। आसनसोल नॉर्थ सीट पर कानून मंत्री मलय घटक पीछे चल रहे हैं, जबकि आसनसोल दक्षिण से भाजपा उम्मीदवार अग्निमित्रा पॉल बढ़त बनाए हुए हैं।
टीएमसी भी कई सीटों पर बनाए हुए है पकड़
हालांकि कई इलाकों में तृणमूल कांग्रेस भी मजबूत नजर आ रही है। काकद्वीप सीट पर टीएमसी उम्मीदवार मंतूराम पाखीरा 2,750 वोटों से आगे चल रहे हैं। कोलकाता पोर्ट सीट से फरीद हकीम बढ़त बनाए हुए हैं। टॉलीगंज सीट से पूर्व खेल मंत्री अरूप बिस्वास भी आगे चल रहे हैं। पानीहाटी सीट पर आरजी कर रेप पीड़िता की मां रत्ना देवनाथ को बढ़त मिलने से यह सीट चर्चा में आ गई है। मुर्शिदाबाद की कई सीटों पर टीएमसी और भाजपा के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है। कुछ सीटों पर कांग्रेस और सीपीआईएम उम्मीदवार भी शुरुआती बढ़त बनाए हुए हैं।
राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हुई
मतगणना के बीच राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने आरोप लगाया कि चार स्ट्रॉन्ग रूम के सीसीटीवी कुछ समय के लिए बंद कर दिए गए थे। वहीं भाजपा नेताओं ने दावा किया है कि बंगाल में बदलाव की लहर चल रही है। भाजपा नेता दिलीप घोष ने कहा कि लोगों ने नई सरकार के लिए वोट दिया है। दूसरी ओर सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि अभी सरकार बनने का दावा करना जल्दबाजी होगी और आधी से ज्यादा मतगणना पूरी होने का इंतजार करना चाहिए। फिलहाल राज्य में हर सीट पर नजर बनी हुई है और अगले कुछ घंटों में तस्वीर और साफ होने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें- पश्चिम बंगाल के 15 बूथों पर दोबारा वोटिंग जारी, EVM से छेड़छाड़ और झड़प की शिकायत के बाद फैसला, 4 मई को आएंगे नतीजे